खैरथल में शहीद दिवस पर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि:जिलेभर में अधिकारियों-कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखा

खैरथल में शहीद दिवस पर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि:जिलेभर में अधिकारियों-कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखा

खैरथल-तिजारा में शुक्रवार को शहीद दिवस पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी गई। जिलेभर के सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर उनके बलिदान को याद किया। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और सत्य, अहिंसा और शांति के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन और उनके विचार आज भी समाज व प्रशासन के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने सरकारी कार्मिकों से गांधी जी के आदर्शों को अपने दैनिक कार्य-व्यवहार में अपनाने और आमजन के प्रति संवेदनशीलता से कार्य करने का आह्वान किया। जिले के सभी उपखंड, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर के राजकीय कार्यालयों में भी अधिकारियों-कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान गांधी जी के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया गया। इन श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। एक शांतिपूर्ण, सशक्त और नैतिक समाज के निर्माण के लिए उनके आदर्शों का अनुसरण आवश्यक है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *