सड़क हादसे में घायल आबकारी सिपाही का इलाज अधर में:मथुरा जिला अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, स्ट्रेचर पर तड़पता रहा जवान

सड़क हादसे में घायल आबकारी सिपाही का इलाज अधर में:मथुरा जिला अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, स्ट्रेचर पर तड़पता रहा जवान

मथुरा में एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल आबकारी विभाग के सिपाही के इलाज में लापरवाही का आरोप लगा है। सदर बाजार थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से आबकारी सिपाही अभिराज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके साथ मौजूद साथी ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, सिपाही अभिराज अपने कार्यालय से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सिपाही सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और कार्यालय के सहयोगियों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। घायल सिपाही के साथ मौजूद उनके साथी राजेश शर्मा ने बताया कि जिला अस्पताल में इलाज के दौरान भारी लापरवाही की जा रही है। डॉक्टरों ने सिटी स्कैन और एक्स-रे कराने की सलाह दी, लेकिन इसके बावजूद घायल को स्ट्रेचर पर ही छोड़ दिया गया। आरोप है कि मौके पर न तो कोई डॉक्टर मौजूद था और न ही कोई स्वास्थ्यकर्मी उनकी सुध ले रहा था। राजेश शर्मा ने इसे स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही बताते हुए कहा कि यह सीधे तौर पर घायल सिपाही की जान के साथ खिलवाड़ है। उधर, पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर फरार बाइक चालक की तलाश तेज कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *