नोएडा में ट्रैवल ठगी गैंग का भंडाफोड़:वेकेशन पैकेज के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

नोएडा में ट्रैवल ठगी गैंग का भंडाफोड़:वेकेशन पैकेज के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

नोएडा के थाना सेक्टर-63 पुलिस ने ट्रैवल टिकट बुकिंग और वेकेशन पैकेज के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विशाल कुमार राय के रूप में हुई है। उसे मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से मध्य प्रदेश के रीवा से पकड़ा गया। आरोपी गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में फरार चल रहा था। उसके कब्जे से एक टैबलेट और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने ट्रैवल टिकट बुकिंग के नाम पर दो लोगों से क्रमशः 1 लाख 40 हजार रुपये और 84 हजार रुपये की धोखाधड़ी की थी। इसके अलावा, उसने कई अन्य लोगों से भी लाखों रुपये की ठगी की है। इस संबंध में थाना सेक्टर-63 में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ इसी थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। पूछताछ में विशाल कुमार राय ने बताया कि वह “Country Holiday Travels India Pvt Ltd” और “A Country Holiday Ins And Suits” नाम की कंपनियों का मालिक है। उसकी कंपनियां लोगों को वेकेशन पैकेज बेचती थीं। जब ग्राहक पैकेज के तहत सेवा लेने की कोशिश करते थे, तो कंपनी जानबूझकर अगली तारीखें देकर बुकिंग टालती रहती थी। इससे कई ग्राहक परेशान होकर पीछे हट जाते थे और आरोपी को बिना सेवा दिए ही मुनाफा हो जाता था। जो ग्राहक लगातार दबाव बनाते थे, उन्हें आरोपी सेवा दे देता था और उनसे सकारात्मक रिव्यू ले लेता था। इन रिव्यूज को वह अपनी कंपनी की वेबसाइट पर अपलोड करता था, जिससे अन्य लोग प्रभावित होकर उसकी कंपनियों से जुड़ जाते थे। इसी तरीके से आरोपी ने बड़ी रकम कमाई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में अन्य पीड़ितों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *