फतेहाबाद में मुख्यमंत्री नायब सैनी के कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन को लेकर उपजे विवाद के बाद आखिरकार डिप्टी डायरेक्टर पर गाज गिर गई है। सूचना, भाषा एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) के डिप्टी डायरेक्टर अमित पवार का प्रदेश सरकार ने रेवाड़ी तबादला कर दिया है। बता दें कि, 2 फरवरी को सीएम गांव पीलीमंदोरी में पंडित जसराज जयंती समारोह में पहुंचे थे। उस दौरान डीआईपीआर डिपार्टमेंट द्वारा बुलाई गई मंच संचालक को वापस भेज दिया गया था जबकि ओएसडी गजेंद्र ने मंच संचालन किया। सीएम के दखल के बाद ओएसडी मंच संचालन कर पाए थे। मीडिया को भी एंट्री के समय उठानी पड़ी थी दिक्कत मुख्यमंत्री का कार्यक्रम कवर करने गए कई मीडियाकर्मियों को भी एंट्री के समय काफी दिक्कत झेलनी पड़ी थी। एक पुलिसकर्मी ने काफी देर तक मीडिया को बिना पास एंट्री नहीं करने दी थी। पुलिसकर्मी प्रशासन द्वारा जारी किए गए पास मांग रहा था जबकि डीआईपीआरओ ने ऐसे कोई पास जारी नहीं करवाए थे। तबादला रुकवाने की हो रही कोशिश डीआईपीआर डिपार्टमेंट के कमिश्नर अमित अग्रवाल की ओर से ट्रांसफर आर्डर जारी होने के बाद डिप्टी डायरेक्टर की ओर से तबादला रुकवाने की भी लगातार कोशिश की जा रही है। हालांकि, मामले को लेकर डिप्टी डायरेक्टर अमित पवार का पक्ष जानने के लिए उनको कॉल की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।


