मंदसौर सहित पूरे इलाके में शीतलहर का असर बना हुआ है। लगातार तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है और सुबह के समय सड़कों पर घना कोहरा छा रहा है। शुक्रवार सुबह ग्रामीण इलाकों में दृश्यता सिर्फ 50 मीटर तक सीमित रही, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। गुरुवार रात न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार सुबह मंदसौर पूरा इलाका ओस और कोहरे की चादर में लिपटा रहा। सुबह करीब 10:30 बजे तक धूप नहीं निकली। सुबह का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा। भगत की कोठी एक्सप्रेस करीब 45 मिनट की देरी से मंदसौर पहुंची। वहीं इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस भी लगभग आधा घंटे की देरी से आई, जिससे यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। ठंड को देखते हुए मंदसौर में नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए 13 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। वहीं कक्षा 6 से 8 तक की पढ़ाई सुबह 10 बजे से शुरू की जाएगी। इस समय मालवा और निमाड़ क्षेत्र में ठंड का असर सबसे ज्यादा है। इंदौर और उज्जैन संभाग के 15 जिलों में शीतलहर चल रही है। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के कारण मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। सुबह के समय घना कोहरा और ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर लगातार बना हुआ है।


