मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। अदरी मोड़ पर ट्रेलर ने बाइक सवार दंपति को रौंद दिया, जिससे मौके पर ही महिला ने दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल भी हुआ है। मृतका की पहचान प्रभावती देवी के रूप में हुई है। वह अपने पति अवधेश सिंह के साथ दवा लेकर घर लौट रही थीं, तभी उनकी बाइक ट्रेलर की चपेट में आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, मृतका के दो बेटे हैं जो पुलिस विभाग में कार्यरत हैं।


