Girl Death Hathras Tractor Accident: हाथरस जिले के हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला अडू से गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसमें ट्रैक्टर के टायर और मडगार्ड के बीच फंसकर एक मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कक्षा तीन में पढ़ने वाली छात्रा खेत में आलू बीनने के लिए ट्रैक्टर पर बैठकर जा रही थी।
रास्ते में अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर के टायर और मडगार्ड के बीच फंस गई। करीब 10 मिनट तक वह मौके पर तड़पती रही, लेकिन जब तक ग्रामीण उसे बाहर निकाल पाए, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
थैला टायर में फंसने से बिगड़ा संतुलन
जानकारी के अनुसार, नगला अडू निवासी किसान सुरेश कुमार उर्फ भोलू की 9 वर्षीय बेटी दीक्षा पड़ोस के ही एक ट्रैक्टर पर बैठकर आलू के खेत में जा रही थी। ट्रैक्टर को उसके मालिक का पुत्र चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दीक्षा के हाथ में आलू से भरा एक अधभरा थैला था। अचानक वह थैला ट्रैक्टर के घूमते टायर और मडगार्ड के बीच फंस गया। थैला खिंचने से दीक्षा का संतुलन बिगड़ गया और वह भी थैले के साथ ही ट्रैक्टर के टायर और मडगार्ड के बीच जा फंसी।
चीख सुनते ही चालक ने रोका ट्रैक्टर
बताया जा रहा है कि जैसे ही बच्ची के चीखने की आवाज आई, ट्रैक्टर चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया। हालांकि तब तक बच्ची बुरी तरह फंस चुकी थी। शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और परिजन मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर करीब 10 मिनट बाद बच्ची को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस दर्दनाक घटना को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सन्न रह गए।
मासूम की मौत से परिवार में मचा कोहराम
मृतक दीक्षा गांव के ही संविलियन विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा थी। वह तीन बहनों और दो भाइयों में मंझली थी। पिता सुरेश कुमार खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटी की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी परिवार को ढांढस बंधाने में लगे हुए हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112, सलेमपुर चौकी पुलिस और हसायन कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल हाथरस भेज दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बच्ची ट्रैक्टर पर बैठी थी और संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


