जयपुर। सुगम यातायात व ब्लैक स्पॉट में सुधार के लिए खानिया बंधा तिराहे पर सर्कल बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। यातायात पुलिस ने यहां सर्कल बनाने या ट्रैफिक सिग्नल लगाने की संभावना तलाशना शुरू कर दिया है, इसके लिए तिराहे पर मिट्टी के कट्टों का सर्कल बनाकर ट्रायल शुरू कर दिया है। एक सप्ताह तक यह ट्रायल लिया जाएगा, अगर प्रयोग सफल रहा तो जेडीए को सुझाव दिया जाएगा।
खानिया बंधा तिराहे को ‘ब्लैक स्पॉट’ में शामिल कर रखा है। यह चौहारा आगरा रोड, गोनेर रोड, खोहनागारिया और खानिया को जोड़ता है, जहां से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। आगरा रोड की ओर से आने वाले वाहन चालकों को गोनेर व खोहनागोरियान की ओर से आने वाला ट्रैफिक दिखाई नहीं देता है। ऐसे में इस तिराहे पर दुर्घटना होने की संभावना बढ़ जाती है। यातायात पुलिस ने इस चौहारे को ब्लैक स्पॉट में शामिल कर रखा है, अब यहां मिट्टी के कट्टे रख अस्थाई सर्कल बनाया है।
यों किया जा रहा ट्रायल
तिराहे पर मिट्टी के कट्टों का अस्थाई सर्कल बनाकर आगरा रोड से शहर में आने वाले वाहनचालकों को सर्कल घूमाकर निकाला जा रहा है। वहीं शहर से आगरा रोड जाने वाले सीधे निकल रहे हैं। ऐसे ही गोनेर व खोह नागोरियान से आने वालों को भी सीधे ही शहर की ओर निकला जा रहा है। जबकि शहर से गोनेर रोड व खोहनागोरियान जाने वाले सर्कल घूमकर निकल रहे हैं। पुलिस ने एक सप्ताह के लिए यह ट्रायल शुरू किया है। एक सप्ताह तक अगर प्रयोग सफल रहा तो यहां सर्कल बनाने के लिए जेडीए को लिखा जाएगा। वहीं दूसरी ओर यातायात पुलिस यहां ट्रैफिक सिग्नल लगाने की भी संभावना तलाश रही है।
जेडीए ने सर्कल किया प्रस्तावित, आज तक नहीं बना
जानकारों का कहना है कि जेडीए ने इस तिराहे पर सर्कल बनाना प्रस्तावित किया था, लेकिन आज तक जेडीए यहां सर्कल नहीं बना पाया है। दुर्घटना होने के बाद जेडीए ने बीच सड़क पर बड़ा डिवाइडर बनाकर छोड़ दिया है।
जेडीए को सुझाव देंगे
इस चौहारे पर आए दिन दुर्घटनाएं होती है। सुगम यातायात के लिए अस्थाई सर्कल बनाकर ट्रायल कर रहे हैं। एक सप्ताह तक ट्रायल करेंगे, उसके बाद सर्कल बनाने या रोड लाइट लगाने के लिए जेडीए को सुझाव देंगे।
– सोन चंद, सहायक पुलिस आयुक्त, यातायात पूर्व


