मुरादाबाद में शब-ए-बारात पर्व के मद्देनजर 3 और 4 फरवरी को यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। भीड़ और सुरक्षा कारणों से ट्रैफिक पुलिस ने बसों तथा भारी वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। दिल्ली, रामपुर, संभल और चंदौसी की ओर से आने वाली रोडवेज व निजी बसों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन बसों का संचालन टीपी नगर और नया मुरादाबाद स्थित एमडीए कार्यालय के सामने बनाए गए अस्थायी बस स्टैंड से होगा। काशीपुर और रामपुर से बिजनौर या हरिद्वार जाने वाले भारी वाहन शहर के अंदर से नहीं गुजरेंगे। ये वाहन हाईवे से टीएमयू अंडरपास, हकीमपुर चौकी और शेरुआ चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। बिजनौर और हरिद्वार की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी यही मार्ग निर्धारित किया गया है। ट्रैफिक प्लान के अनुसार, 3 फरवरी दोपहर 2 बजे से 4 फरवरी सुबह 4 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इस अवधि में मालगोदाम से संचालित होने वाले मालवाहक वाहनों का संचालन भी बंद रहेगा। इसके अतिरिक्त, 3 फरवरी शाम 4 बजे से कोहिनूर तिराहा, दससराय पुलिस चौकी, संभल चौराहा और गलशहीद चौराहे से ईदगाह मार्ग की ओर केवल पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहनों को ही जाने की अनुमति होगी। एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद गंगवार ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर समय और रूट में बदलाव किया जा सकता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन कर सहयोग करें।


