रेवाड़ी पुलिस ने गणतंत्र दिवस को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। भारी वाहन चालकों को 22 जनवरी की रात से 23 की दोपहर और 25 जनवरी की रात से 26 की दोपहर तक दिल्ली रोड पर एंट्री नहीं मिलेगी। रेवाड़ी होकर दिल्ली आने-जाने वाले भारी वाहन चालकों को इस अवधि के दौरान झज्जर रोहतक रोड से होकर आवाजाही करना होगा। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने ट्रैफिक पुलिस और थाना प्रभारियों को आदेशों का पालन करने के निर्देश दिए है।
इस अवधि में बंद रहेगा दिल्ली रोड
जिला पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह को देखते हुए रेवाड़ी से गुरुग्राम दिल्ली जाने वाले भारी व्यवसायिक वाहनों पर रोक लगाई गई है। दिल्ली रोड पर 22 जनवरी की रात 8 बजे से 23 की दोपहर 01:30 बजे तक वाहनों का जाना बंद रहेगा। इसी प्रकार से 25 जनवरी की रात 8 बजे से 26 को गणतंत्र दिवस समारोह की समाप्ति तक दिल्ली में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। रेवाड़ी पुलिस का रूट प्लान
रेवाड़ी पुलिस ने जयपुर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन चालकों को एनएच-48 (दिल्ली-जयपुर हाइवे) से एनएच-352 (झज्जर-रोहतक) हाइवे पर संगवाड़ी से होते डायवर्ट किया है। इसी प्रकार से नारनौल से दिल्ली से जाने वाले भारी व्यवसायिक वाहन हरीनगर फ्लाईओवर से रेवाड़ी बाइपास होते हुए गोकलगढ़-बीकानेर से एनएच-352 (झज्जर-रोहतक) हाइवे का उपयोग करने की सलाह दी है। दिल्ली और गुरुग्राम जाने वाले सभी भारी वाहन चालक एनएच-352 (झज्जर-रोहतक) हाइवे या दूसरे वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग कर सकते है। जिले में तीन जगह लगेंगे नाके
ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर ताराचंद ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस प्रतिबंधित समय में दिल्ली रोड पर भारी वाहनों की एंट्री रोकने के लिए तीन जगह नाके लगाएगी। जिनमें संगवाड़ी फ्लाइओवर के नीचे और एनएच 71 को जोड़ने वाले फ्लाइओवर पर एक एक नाका लगाया जाएगा। इसी प्रकार से कापड़ीवास में नाका लगाकर वाहनों को भिवाड़ी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
पहले रिहर्सल और फिर समारोह
रेवाड़ी पुलिस ने 22 की रात से 23 की दोपहर तक दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस समारोह की रिहर्सल के चलते दिल्ली रोड पर भारी वाहनों की एंट्री बंद की है। जबकि 25 की रात से 26 जनवरी को होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को देखते हुए भारी वाहनों के दिल्ली रोड पर जाने पर रोक लगाई गई है।


