अयोध्या में रामनगरी अयोध्या में होली से एक दिन पूर्व सूतक के दौरान चौक क्षेत्र के सर्राफा कारोबारियों ने परंपरागत अंदाज में होली खेली। चौक और रिकाबगंज के सर्राफा व्यवसायियों के साथ अन्य व्यापारियों और उनके बच्चों ने राहगीरों पर जमकर रंग डाला। बाजार क्षेत्र में सुबह से ही उत्सवी माहौल बना रहा। सैकड़ों साल पुरानी परंपरा बताया जाता है कि चौक के सर्राफा व्यवसायी सैकड़ों वर्षों से होली के एक दिन पूर्व सूतक में यह परंपरा निभाते आ रहे हैं। इसी क्रम में इस बार भी बच्चों से लेकर बड़े तक रंग-गुलाल के साथ सड़कों पर उतरे और आने-जाने वालों को अपने रंग में रंग दिया। जय श्री राम के जयघोष के साथ ढोल-नगाड़ों की धुन पर लोगों ने धूमधड़ाके से होली मनाई। शिया मस्जिद को ढका गया कपड़े से होली के दौरान चौक स्थित शिया मस्जिद को एहतियातन कपड़े से ढक दिया गया, ताकि उस पर रंग न पड़े। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासनिक अधिकारी भी हालात पर नजर बनाए रहे। नगर निगम ने की पानी की व्यवस्था रंग खेलने के बीच नगर निगम की ओर से पानी के टैंकर की व्यवस्था की गई थी, जिससे लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।


