भास्कर न्यूज| जैंतगढ़ सोने-चांदी के भाव बढ़ने से व्यापारी और कारीगरों की परेशानी बढ़ गई है। इससे ग्राहकों की खरीदारी कम हो गई है, जिससे दुकानें सुनी हो गई हैं और कारीगरों के सामने भुखमरी का खतरा मंडरा रहा है। खासकर शादी-विवाह के सीजन में खरीदारों और कारोबारियों दोनों की चिंता बढ़ गई है। उतार-चढ़ाव के कारण कारोबार ठप पड़ गया है। अधिक कीमत के कारण ग्राहक सोना-चांदी खरीदने से कतरा रहे हैं, जिससे ज्वेलरी की दुकानों पर सन्नाटा पसर गया है। सोने-चांदी का भाव बुलेट की रफ्तार से बढ़ रहा है। जिनके घर शादी होने वाली है वे भी खरीदने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। कुछ छोटे व्यापारी तो कारोबार ही बदलने की सोचने लगे हैं। भाव में लगातार उतार-चढ़ाव से ग्राहक असमंजस में हैं और खरीदारी टाल रहे हैं, जिससे कारोबारियों को नुकसान हो रहा है। पिछले सप्ताह सोने के भाव में दस हजार रुपए की गिरावट हुई थी। फिर भी ग्राहक हिम्मत नहीं जुटा पाए। सालों से गिरवी रखे जेवर छुड़ाने आ रहे हैं लोग : कई लोग अब गिरवी रखे अपने पुराने जेवर छुड़ाने आ रहे हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि सोने के दाम बहुत बढ़ गए हैं। इसे लेकर कुछ बक-झक भी हो रही है। गिरवी रखने के समय एक तय समय निर्धारित की जाती है। समय समाप्त होने पर उसे निपटा दिया जाता है।


