पाकुड़ में अवैध गिट्टी ले जाते ट्रैक्टर रोका:चेक पोस्ट के बगल से चल रहा खेल, रात में निकल रहे सैकड़ों वाहन

पाकुड़ में अवैध गिट्टी ले जाते ट्रैक्टर रोका:चेक पोस्ट के बगल से चल रहा खेल, रात में निकल रहे सैकड़ों वाहन

पाकुड़ मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में अवैध गिट्टी परिवहन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार देर रात फूट पड़ा। चांदपुर गांव के पास पाकुड़–धुलियान मुख्य पथ पर ग्रामीणों ने गिट्टी लदे एक ट्रैक्टर को रोक लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिला प्रशासन द्वारा अवैध परिवहन रोकने के लिए चेक पोस्ट स्थापित किए जाने के बावजूद दलालों ने इसके बगल से एक वैकल्पिक रास्ता बना लिया है। इसी रास्ते से बिना माइनिंग चालान के गिट्टी लदे ट्रैक्टर और अन्य वाहन रात के अंधेरे में पश्चिम बंगाल भेजे जा रहे हैं। इससे सरकार को करोड़ों रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा है, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहा है। ट्रैक्टर रोकने पर चालक और ग्रामीणों में तीखी बहस बुधवार देर रात जब ग्रामीणों ने इसी अवैध रास्ते से गुजर रहे गिट्टी लदे ट्रैक्टर को रोका, तो मौके पर तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को आगे बढ़ने से साफ मना कर दिया। इस दौरान ट्रैक्टर चालक और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक तीखी बहस होती रही। कुछ ही देर में ट्रैक्टर मालिक भी मौके पर पहुंच गया और जबरन वाहन ले जाने की कोशिश करने लगा। इससे ग्रामीण और अधिक उग्र हो गए। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जमा हो गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। ग्रामीणों का कहना था कि यदि प्रशासन कार्रवाई नहीं करेगा, तो वे खुद ऐसे वाहनों को रोकने के लिए मजबूर होंगे। राजस्व का नुकसान और हादसों का खतरा मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अवैध गिट्टी परिवहन का यह धंधा लंबे समय से चल रहा है। कई बार इसकी शिकायत प्रशासन और पुलिस से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार, गिट्टी लदे ट्रैक्टरों और भारी वाहनों के लगातार आने-जाने से गांव के लोगों को भारी परेशानी होती है। संकरी सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण कई बार छोटी-मोटी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने अवैध ट्रैक्टर को रोका, तो कुछ दलालों द्वारा उन पर दबाव बनाया गया और डराने की कोशिश की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि अवैध परिवहन पर रोक नहीं लगी, तो उनका आंदोलन और तेज होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *