मुरैना. दिमनी थाना क्षेत्र के बरेथा के चक्रपान का पुरा में रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पुलिस वाहन में टक्कर मार दी जिससे प्रधान आरक्षक घायल हो गया। दिमनी थाने का पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। बाद में पुलिस वाहन को डायल 112 पुलिस वाहन से टूचन करके थाने ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह 10 बजे चक्रपान का पुरा बरेथा में दिमनी पुलिस रेत कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने गई थी। पॉइंट लगाकर पुलिस चेकिंग कर रही थी तभी रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली आया, पुलिस ने उसको रोकने का प्रयास किया, उसने तेजी व लापरवाही से चलाकर पुलिस वाहन में सीधे टक्कर मार दी और चालक रेत से भरे वाहन को लेकर वहां से भागने लगा। पुलिस ने पीछा करके करीब 50 मीटर की दूरी पर चालक संतोष (25) पुत्र शिवनारायण परमार निवासी फतेह सिंह का पुरा मृगपुरा को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। खबर है कि पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी तब ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा जा सका, लेकिन फायरिंग की पुलिस पुष्टि नहीं कर रही है। इस माफिया के हमले में प्रधान आरक्षक सुदामा रजक के सिर में चोट आई, उसको प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। दिमनी पुलिस ने चालक संतोष परमार के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, खनिज चोरी, खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। एमएलसी रिपोर्ट आने पर धाराओं में इजाफा किया जाएगा।
चालक के खिलाफ मामला दर्ज
बरेथा गांव में दिमनी पुलिस चेकिंग कर रही थी तभी वहां से रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली निकल रहा था। उसको रोका तो उसने पुलिस वाहन में टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और प्रधान आरक्षक घायल हो गया। पीछे करके आरोपी चालक को ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित हिरासत में ले लिया है। चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जितेन्द्र दौहरे, थाना प्रभारी, दिमनी


