सीतापुर में गन्ने से भरा ट्रैक्टर पलटा, किसान की मौत:चीनी मिल जाते समय हादसा, ग्रामीण बोले- गड्‌ढों के कारण हो रहे एक्सीडेंट

सीतापुर में गन्ने से भरा ट्रैक्टर पलटा, किसान की मौत:चीनी मिल जाते समय हादसा, ग्रामीण बोले- गड्‌ढों के कारण हो रहे एक्सीडेंट

सीतापुर के अटरिया थाना क्षेत्र के कोदरिया गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान की मौत हो गई। गन्ना लादकर चीनी मिल (गन्ना काटे) की ओर जा रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार सरवन गौतम (उम्र 45 वर्ष) पुत्र नत्था, निवासी ग्राम चंदौली थाना अटरिया मंगलवार को ट्रैक्टर से गन्ना लादकर गन्ना काटे की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब चार बजे जैसे ही उनका ट्रैक्टर कोदरिया गांव के पास पहुंचा, तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया। ट्रैक्टर सड़क से नीचे उतरते हुए खेत में जा पलटा। हादसा इतना भीषण था कि सरवन गौतम ट्रैक्टर के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर अटरिया थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे शव को बाहर निकलवाया और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे जगह-जगह गड्ढे और असमतल रास्ता होने के कारण इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि शव को पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *