मैनपुरी में ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर:तीन पहिए युवक के ऊपर चढ़े, मौके पर तोड़ा दम

मैनपुरी में ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर:तीन पहिए युवक के ऊपर चढ़े, मौके पर तोड़ा दम

कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक रमाकांत की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मारी, जिससे वह सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आ गया। यह घटना शुक्रवार रात लालपुर के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर के एक तरफ के तीनों पहिए युवक के ऊपर से गुजर गए। रमाकांत की मौके पर ही मृत्यु हो गई। रमाकांत पुत्र गिरीश बाबू कोतवाली क्षेत्र के दीवानी रोड पुसैना का निवासी था। वह एक दिन पहले भांवत क्षेत्र में अपनी साडू के घर गया था। बताया जा रहा है कि वह पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था और इसी सिलसिले में रिश्तेदारी में गया था। शुक्रवार रात वह बाइक से घर लौट रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद भाग रहे ट्रैक्टर चालक को पुलिस ने कुछ दूरी पर पकड़ लिया और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। रमाकांत की शादी करीब दो साल पहले हुई थी और उसकी ढाई माह की एक बेटी है। इस हादसे से परिवार में शोक छा गया है। उसकी पत्नी कोमल का रो-रोकर बुरा हाल है। रमाकांत खेती-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *