दतिया जिले में इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के पचोखरा मोड़ के पास बुधवार रात रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी दो साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद दतिया जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पंडोखर थाना क्षेत्र के ग्राम सदका निवासी भूपेंद्र परिहार पुत्र राजेंद्र प्रसाद परिहार अपनी पत्नी रोशनी परिहार और दो साल की बेटी रुचि के साथ बुधवार रात करीब 8 बजे मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। जब वे इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पचोखरा मोड़ के पास पहुंचे, तभी खेरोना की रेत खदान से रेत भरकर आ रहे सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि भूपेंद्र और उनकी पत्नी रोशनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी दो साल की बेटी रुचि गंभीर रूप से घायल हो गई। ट्रैक्टर-ट्राली जब्त
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रॉली को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए इंदरगढ़ पीएम हाउस में रखवाया गया है। ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी एसडीओपी अजय चानना ने बताया कि रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से बाइक को टक्कर मारी थी, जिससे पति-पत्नी की मौत हो गई और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। ट्रैक्टर चालक ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया है, उसकी तलाश की जा रही है।


