कुशीनगर के जिला मुख्यालय स्थित बुद्धा पार्क में लगा राष्ट्रीय ध्वज इन दिनों बदहाल स्थिति में है। फटा हुआ और रंग उड़ा तिरंगा कलेक्ट्रेट के ठीक सामने स्थित पार्क में अब भी लहरा रहा है। हैरानी की बात यह है कि 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) बीतने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे बदलने की जरूरत नहीं समझी। भारतीय ध्वज संहिता 2002 के अनुसार, फटा हुआ, फीका या मैला राष्ट्रीय ध्वज प्रदर्शित करना स्पष्ट रूप से निषिद्ध है। इसके बावजूद उद्यान विभाग के अधीन आने वाले बुद्धा पार्क में लगभग 125 फीट ऊंचाई पर लगा तिरंगा लंबे समय से इसी हालत में है। कांग्रेस नेता ने जताई नाराजगी कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा ने उद्यान विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विभाग को न तो तिरंगे के सम्मान की चिंता है और न ही उसकी स्थिति की जानकारी। मिश्रा ने ऐसे लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उद्यान विभाग की सफाई जिला उद्यान अधिकारी कृष्ण कुमार से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस स्थिति की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि राष्ट्रीय ध्वज को जल्द ही उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्ट्रेट के सामने राष्ट्रीय ध्वज की इस स्थिति ने न सिर्फ प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि तिरंगे के सम्मान को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा की है।


