Tonk: निकलनी थी बारात लेकिन उठी दूल्हे की अर्थी, 2 बहनों के इकलौते भाई की दर्दनाक मौत, घर में मचा कोहराम

Tonk: निकलनी थी बारात लेकिन उठी दूल्हे की अर्थी, 2 बहनों के इकलौते भाई की दर्दनाक मौत, घर में मचा कोहराम

Rajasthan Road Accident Death: घर में शादी की तैयारियां चल रही थी लेकिन इसी बीच दूल्हे की मौत की खबर सुनकर घर में कोहराम मच गया। दरअसल टोंक जिले में घने कोहरे के बीच नेशनल हाईवे-52 पर हुए सड़क हादसे में सोनू की मौत हो गई। उसकी शादी फरवरी में होनी थी। दो बहनों के इकलौते भाई की दर्दनाक मौत के बाद घर में मातम पसर गया।

हादसा मेहंदवास थाना क्षेत्र में हुआ, जहां पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने युवक की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन अत्यधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई।

ड्यूटी जाते समय हुआ हादसा

मेहंदवास निवासी सोनू विजयवर्गीय (32) पुत्र स्वर्गीय भगवान विजयवर्गीय रोजाना की तरह सोमवार सुबह करीब 10 बजे बाइक से टोंक ड्यूटी के लिए निकला था। वह टोंक के पुराना बस स्टैंड के पास एलआईसी कार्यालय के सामने स्थित एक निजी हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी में काम करता था। गांव से कुछ दूरी पर ही हाईवे पर पीछे से आ रही दूसरी बाइक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे सोनू सिर के बल गिर पड़ा और बेहोश हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के बाद राहगीरों और परिजनों की मदद से सोनू को सआदत अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाधिकारी रामसिंह ने बताया कि हादसा टोल नाके से करीब एक किलोमीटर पहले हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। जिसके बाद मृतक के चचेरे भाई ने पीछे से टक्कर मारने वाले बाइक सवार के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

फरवरी में होनी थी शादी, घर में पसरा मातम

परिजनों ने बताया कि सोनू परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसके पिता का बचपन में ही निधन हो चुका था। उसकी दो बहनें हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी की शादी सोनू के विवाह के बाद होनी थी। फरवरी में सोनू की शादी तय थी और घर में तैयारियां शुरू हो चुकी थीं। लेकिन शादी से पहले ही उसकी मौत से खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे के बाद से ही मां और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी
 : https://bit.ly/4bg81fl

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *