Tonk News : निर्माणाधीन भूखंड से निकला मानव कंकाल, मचा हड़कंप, मौके पर पहुंची पुलिस

Tonk News : निर्माणाधीन भूखंड से निकला मानव कंकाल, मचा हड़कंप, मौके पर पहुंची पुलिस

टोंक। निवाई शहर में नगरपालिका की कॉलोनी बापू नगर में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक निर्माणाधीन भूखंड पर खुदाई के दौरान मानव कंकाल के अवशेष मिलने की सूचना सामने आई। कंकाल दिखाई देते ही वहां कार्य कर रहे राजमिस्त्री और मजदूरों में दहशत का माहौल बन गया और उन्होंने तत्काल काम रोक दिया।

मजदूरों ने तुरंत इसकी जानकारी भूखंड मालिक को दी। सूचना मिलते ही भूखंड मालिक ने निवाई थाने से संपर्क किया। थानाधिकारी घासीराम के निर्देशन में एसआई भारती मीणा, एएसआई राजेंद्र सिंह सहित पुलिस जवान मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने इकट्ठा कराया मानव कंकाल

पुलिस ने मौके का जायजा लेकर कंकाल के अवशेषों को सावधानीपूर्वक एकत्रित किया। सभी हड्डियों को प्लास्टिक की बोरी में भरा गया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए, जिससे क्षेत्र में कौतूहल का माहौल रहा।

फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया मानव कंकाल

पुलिस ने कंकाल के अवशेष कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर कंकाल पुराना प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक स्थिति का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल निवाई थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *