बस्ती में तोगड़िया बोले- हिंदू हजारों वर्षों तक असुरक्षित रहे:राम मंदिर के बाद अब हिन्दू सुरक्षित, समृद्ध हिंदू समाज का निर्माण हमारा लक्ष्य

बस्ती में तोगड़िया बोले- हिंदू हजारों वर्षों तक असुरक्षित रहे:राम मंदिर के बाद अब हिन्दू सुरक्षित, समृद्ध हिंदू समाज का निर्माण हमारा लक्ष्य

अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद/राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया सोमवार को बस्ती पहुंचे। उन्होंने शहर के रोडवेज के समीप एक मैरिज हॉल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लिया। इस दौरान दैनिक भास्कर से बातचीत में डॉ. तोगड़िया ने हिंदू समाज की सुरक्षा, राम मंदिर निर्माण के बाद संगठन के लक्ष्यों और सरकार की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। केंद्र और राज्यों में भाजपा सरकार होने के बावजूद हिंदुओं की असुरक्षा के सवाल पर डॉ. तोगड़िया ने कहा कि हिंदू हजारों वर्षों से असुरक्षित रहे हैं। उन्होंने बताया, “हिंदू बंटा, घटा, काटा गया, लूटा गया और भगाया गया—यह सिलसिला एक हजार वर्ष से अधिक समय से चल रहा है।” उन्होंने स्वीकार किया कि अनुकूल शासन आने पर सुरक्षा बढ़ी है, लेकिन भारत में हिंदू विरोधी शक्तियों की मौजूदगी के कारण असुरक्षा पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। राम मंदिर निर्माण के बाद हिंदू संगठनों के अगले बड़े लक्ष्य पर डॉ. तोगड़िया ने कहा कि अब उद्देश्य ‘सुरक्षित हिंदू, समृद्ध हिंदू और सम्मानयुक्त हिंदू’ है। उन्होंने संगठन के प्रमुख लक्ष्यों का उल्लेख किया, जिनमें सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं के लिए रोजगार, किसानों को फसल का उचित दाम दिलाना शामिल है। इसके अतिरिक्त, ‘हिंदू घर—रोगमुक्त घर’ अभियान और महिलाओं की सुरक्षा भी संगठन के अहम लक्ष्य हैं। उन्होंने दावा किया कि संगठन देश में करोड़ों लोगों को ब्लड प्रेशर और डायबिटीज जैसी बीमारियों से मुक्ति दिलाने के लिए घर-घर जाकर प्रशिक्षण देगा। यह पूछे जाने पर कि क्या सरकारें हिंदू मुद्दों पर केवल चुनाव के समय सक्रिय होती हैं, डॉ. तोगड़िया ने कहा, “यह सरकार से पूछिए। हम तो 24 घंटे सक्रिय रहते हैं।” राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के साथ संबंधों पर उन्होंने स्पष्ट किया, “हम हिंदुओं के साथ हैं और संघ भी हिंदुओं के साथ है।”

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *