उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 और 25 मार्च को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और अच्छी धूप निकलेगी। इन दिनों सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है, यानी कहीं भी आंधी-बारिश या वज्रपात की संभावना नहीं है।
26 मार्च से बदलेगा मौसम का मिजाज
लेकिन 26 मार्च से मौसम का मिजाज बदलना शुरू हो जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से सबसे पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादल छाने लगेंगे। इसके बाद 27 मार्च को इसका असर पूर्वी यूपी में भी दिखाई देगा। 28 और 29 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश, बूंदाबांदी और गरज-चमक के आसार हैं। इस दौरान आसमान में काले बादल छाए रहेंगे और मौसम थोड़ा ठंडा महसूस हो सकता है।
बदलते मौसम के लिए तैयार रहने की सलाह
राजधानी लखनऊ और नोएडा की बात करें तो फिलहाल वहां हल्के बादल रहेंगे और तापमान सामान्य बना रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिसकी वजह से प्रदेश में फिर से मौसम बदलेगा। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है।


