हिमाचल प्रदेश में आज से मौसम बदलेगा। मौसम विभाग के अनुसार- राज्य में 31 मार्च तक बारिश बर्फबारी के आसार है। आज भी अधिक ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और चंबा जिले में आज आंधी तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार- कल वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ेगा और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। लेकिन 28 मार्च से एक बार फिर मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। 29-30 को भारी बारिश-तूफान की चेतावनी विशेष रूप से 29 और 30 मार्च को पूरे हिमाचल में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर राज्य के अन्य 10 जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है। इन दिनों कई स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिससे फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंच सकता है। मौसम में बदलाव के बाद तापमान में गिरावट आएगी।


