प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 2 अप्रैल तक कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, ओले गिर सकते हैं। साथ ही 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है। यूपी में एक्टिव ट्रफ के कारण छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान की स्थिति बन रही है। बीते 24 घंटों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। बस्तर संभाग के तोकापाल में 20 मिमी वर्षा हुई, जबकि भानपुरी, जगदलपुर और नांगुर में 10-10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क बना रहा। तापमान की बात करें तो फिलहाल प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। अगले तीन दिनों में इसमें 2 से 4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है, जिसके बाद मौसम स्थिर रहने की संभावना है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम सिस्टम का असर एक ट्रफ यानी असंतुलन रेखा सक्रिय है, जो पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिण तमिलनाडु तक फैली हुई है और मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा और आंतरिक कर्नाटक से होकर गुजर रही है। यही सिस्टम प्रदेश में बादल, बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बना रहा है। रायपुर में कैसा रहेगा मौसम रायपुर में आज बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कुल मिलाकर, छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक मौसम का यह बदला हुआ रूप बना रहेगा, जिसमें गर्मी के बीच राहत देने वाली बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति भी देखने को मिल सकती है।


