दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के क्रीड़ा परिषद की ओर से पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 19 जनवरी तक विश्वविद्यालय के क्रीड़ा परिषद स्थित बास्केटबॉल कोर्ट में किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन आज सुबह 9 बजे करेंगी। पांच दिवसीय पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन 16 जनवरी 2026 को किया जाएगा, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इस प्रतियोगिता में पूर्वी क्षेत्र के 14 राज्यों की कुल 31 विश्वविद्यालय टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। जिसके लिए विभिन्न जगहों से टीमें पहुंच रही हैं। बुधवार की शाम तक तक बीस टीमें गोरखपुर पहुंच चुकी हैं, जबकि शेष टीमें अपने मैच के अनुसार गुरुवार तक पहुंच जाएंगी। गर्ल्स हॉस्टल में रुकेंगी खिलाड़ी क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. विमलेश मिश्रा ने बताया महिला खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था और टीम मैनेजर व कोच के लिए गेस्ट हाउस में की गई है। बुधवार शाम सभी टीमों के मैनेजरों की एक आवश्यक समन्वय बैठक आयोजित की गई । 33 मैच में 27 नॉक आउट और 6 फाइनल मैच होंगे
क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ. राजवीर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस दौरान कुल 33 मैच होंगे, 27 नॉक आउट और 6 फाइनल मैच होंगे. कुलपति ने जताया हर्ष
इस मौके पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा- विश्वविद्यालय के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि हमें पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन का अवसर प्राप्त हुआ है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं न केवल विश्वविद्यालयों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करती हैं, बल्कि छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना जैसे मूल्यों का भी विकास करती हैं। विभिन्न राज्यों की प्रतिभाशाली खिलाड़ी इस मंच पर एकत्र होकर आपसी समन्वय और साझा सांस्कृतिक चेतना को भी सुदृढ़ करेंगी।


