डूंगरपुर के चितरी थाना क्षेत्र के जसेला-कसारिया मार्ग पर एक बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार 3 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौप दिए है। होली के दिन हुए हादसे में परिवारों में मातम पसरा हुआ है। डूंगरपुर जिले के चितरी थाने के सीआई रतनलाल ने बताया कि कसारिया निवासी रमेश डेंडोर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनके परिवार के सदस्य विक्रम डेंडोर, विनोद डेंडोर और विष्णु कुमार एक सोमवार शाम को एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने पारडा विष्णु गांव गए थे।
जब तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर जसेला से कसारिया की ओर लौट रहे थे। उसी समय हांडा की पाल के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। तेज गति में बाइक सड़क किनारे स्थित एक आम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जनरल हॉस्पिटल सागवाड़ा ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान तीनो की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। वही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद कसारिया गांव में शोक की लहर छा गई है।


