सिंगरौली जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में शनिवार रात छापेमारी कर रेत और गिट्टी से लदे तीन वाहन जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान ग्राम कटौली और गजराबहरा क्षेत्र से बिना वैध अभिवहन पास के रेत का परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर पकड़े गए। इसके अलावा, ग्राम जोको से ओवरलोड गिट्टी ले जा रहा एक हाईवा वाहन (एम.पी. 53 जेड जी 5017) भी जब्त किया। सभी जब्त वाहनों को संबंधित पुलिस थाना और चौकी में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। शिकायतों पर रात में छापा, अवैध परिवहन जब्त खनिज विभाग को लंबे समय से इन क्षेत्रों में अवैध खनिज परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर सुनियोजित तरीके से रात में यह छापेमारी की गई, जो सफल रही। जब्त वाहनों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि बिना पीट पास के खनिज का परिवहन किया जा रहा था, जिसकी लगातार सूचना मिल रही थी। उन्होंने कहा, शनिवार रात की छापेमारी में ये वाहन अवैध परिवहन करते हुए पाए गए। अधिकारी बोले-अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा खनिज अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगे भी लगातार निगरानी और सघन कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।


