UP Crime पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी मामले को लेकर पश्चिमी यूपी में सियासी और सामाजिक माहौल गरमा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेरठ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस प्रकरण में गिरफ्तारी और आगे की जांच के लिए तीन अलग-अलग टीम गठित की गई हैं। इससे पहले मेरठ में अखिल भारतीय जाट महासभा और राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों ने कड़ा विरोध जताते हुए अंतरराष्ट्रीय जाट संसद से 24 घंटे के भीतर सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए FIR दर्ज करने की मांग की थी।
कमिश्नरी चौराहे पर किया था प्रदर्शन ( UP Crime )
गुरुवार को कमिश्नरी चौराहा स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में बड़ी संख्या में रालोद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए थे। इन्होंने पहले पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और फिर विरोध प्रदर्शन करते हुए अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सख्त कदम उठाए जाने की बात कही थी। अखिल भारतीय जाट महासभा के मेरठ मंडल अध्यक्ष चौधरी सत्येन्द्र सिंह तोमर ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय जाट संसद के संस्थापक अध्यक्ष रामअवतार पलसानिया ने चौधरी चरण सिंह पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने की FIR की पुष्टि ( UP Crime )
आरोप लगाया कि इस तरह की बयानबाजी से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। यह तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद शाम को पुलिस क्षेत्राधिकारी दौराला ने बताया कि इस मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। आगे की जांच के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। उधर राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने भी कंकरखेड़ा थाने पर धरना-प्रदर्शन भी किया। कार्यकर्ताओं ने रामअवतार पलसानिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए FIR दर्ज की है।


