आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल और कीमती सामान की चोरी करने वाले शातिर गिरोह का जीआरपी ने खुलासा किया है। कार्रवाई में तीन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जीआरपी थाना आगरा कैंट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन और प्लेटफार्म पर यात्रियों से मोबाइल चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 15 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 86 हजार रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे लखनऊ के निर्देश, डीआईजी रेलवे प्रयागराज के पर्यवेक्षण और पुलिस अधीक्षक रेलवे आगरा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोविंद, कुलदीप और विजय सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ट्रेनों और प्लेटफार्म पर भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों के मोबाइल चोरी करते थे। बरामद मोबाइल में से दो फोन थाना जीआरपी आगरा कैंट में दर्ज मुकदमों से संबंधित हैं, जबकि 12 मोबाइल अन्य स्थानों से चोरी किए गए थे। बरामदगी के आधार पर कुल तीन मुकदमे दर्ज कर दो मामलों का सफल अनावरण किया गया है। गिरफ्तारी 4 जनवरी 2026 को रेलवे स्टेशन आगरा कैंट से की गई। सभी अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विकास सक्सेना सहित जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।


