जोधपुर में ज्वेलर समेत तीन बदमाश गिरफ्तार:सूने मकानों में करते चोरी, प्रिंसिपल के घर से लाखों के जेवर पार किए थे

जोधपुर में ज्वेलर समेत तीन बदमाश गिरफ्तार:सूने मकानों में करते चोरी, प्रिंसिपल के घर से लाखों के जेवर पार किए थे

जोधपुर पुलिस आयुक्तालय की पश्चिम जिला पुलिस ने नन्दनवन और पाल लिंक रोड क्षेत्र में हुई नकबजनी की दो बड़ी वारदातों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह के दो शातिर नकबजनों और उनसे चोरी का माल खरीदने वाले एक ज्वेलर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण के आधार पर की गई। पहली घटना: छत की जाली से हाथ डालकर खोले ताले पहली वारदात 16 मार्च की रात नन्दनवन मैन चौपासनी रोड स्थित मकान में हुई। परिवादी फिरोज खान ने रिपोर्ट दी कि अज्ञात चोर छत के दरवाजे की जाली में हाथ डालकर कुंडी खोलकर अंदर घुसे। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर बच्चे की गुल्लक से करीब 30 हजार रुपये नकद, 1.5 तोले की सोने की चेन, सोने के टॉप्स, बालियां, सोने की अंगूठी, दो चांदी के पायजेब सहित अन्य कीमती सामान चुरा लिया था। दूसरी घटना: प्रिंसिपल के मकान से लाखों के जेवर पार दूसरी वारदात 19 अक्टूबर 2025 की रात पाल लिंक रोड क्षेत्र में हुई थी। मौलाना आजाद स्कूल के प्रिंसिपल इन्तिखाब आलम ने रिपोर्ट दी थी कि वे अपने गृह नगर पटियाला गए हुए थे। पीछे से उनके बंद मकान में अज्ञात चोर घुसे और दो सोने की अंगूठियां, तीन डायमंड रिंग, करीब 500 ग्राम चांदी के गहने तथा लगभग एक लाख रुपये नकद चुरा ले गए। सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) कमल शेखावत के निर्देश पर देवनगर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और डेटाबेस खंगालते हुए 16 मार्च की वारदात में संदिग्ध अनिश (20) को दस्तयाब किया। पूछताछ में अनिश ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। न्यायालय से रिमांड मिलने के बाद अनिश ने बताया कि उसने चुराए गए गहने पीपली चौराहा स्थित आशापुरा ज्वैलर्स के संचालक शिवम (24) को बेचे थे। इस पर पुलिस ने ज्वेलर शिवम को भी गिरफ्तार कर लिया। अनिश ने अक्टूबर 2025 में मौलाना आजाद स्कूल के पास हुई चोरी में मोहम्मद अब्बास (24) व इरफान के शामिल होने की बात भी कबूली, जिसके बाद मोहम्मद अब्बास को भी दबोच लिया गया। नशे की लत के लिए करते थे वारदातें पुलिस के अनुसार, मुल्जिमान आले दर्जे के नकबजन और नशेड़ी हैं। ये दिन में बंद मकानों की रैकी करते हैं और रात में मौका पाकर चोरी करते हैं। चोरी के माल को ज्वेलर को बेचकर मिलने वाले रुपयों से ये नशाखोरी और शौक-मौज पूरे करते हैं। आरोपियों का गंभीर आपराधिक इतिहास पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। मुल्जिम अनिश के खिलाफ वर्ष 2023 में प्रतापनगर थाने में रास्ता रोककर मारपीट करने, गंभीर चोरी और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला न्यायालय में विचाराधीन है। वहीं, मोहम्मद अब्बास के खिलाफ वर्ष 2020 में सदर कोतवाली थाने में दंगा भड़काने, मारपीट और जानलेवा हमला करने का गंभीर केस चल रहा है। इसके अलावा सरदारपुरा थाने में भी हाल ही में घर में जबरन घुसकर चोरी करने का मुकदमा दर्ज है। कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम इस पूरी कार्रवाई को देवनगर थानाधिकारी सोमकरण के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में सहायक उपनिरीक्षक पेमाराम, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, रामाराम, प्रेम चौधरी (साइबर सेल), कांस्टेबल मोटाराम (विशेष भूमिका), श्रवण कुमार, दीपचंद, हीराराम और महिला कांस्टेबल लीला चौधरी शामिल रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *