एक परिवार के तीन सदस्य बने ‘बेस्ट पावरलिफ्टर ऑफ भोपाल’:पिता, मां और 14 वर्षीय बेटी ने जीते खिताब

एक परिवार के तीन सदस्य बने ‘बेस्ट पावरलिफ्टर ऑफ भोपाल’:पिता, मां और 14 वर्षीय बेटी ने जीते खिताब

शहर के नीलबड़ क्षेत्र में 22 फरवरी को आयोजित भोपाल जिला पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में एक ही परिवार ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने खेल जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। भोपाल पावरलिफ्टिंग कॉरपोरेशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में करीब 200 महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, लेकिन मंच पर सबसे ज्यादा चर्चा एक ही परिवार की रही।
भोपाल रेलवे में मेल ट्रेन मैनेजर के पद पर कार्यरत जितेंद्र आसनानी ने 482.5 किलोग्राम वजन उठाकर पुरुष वर्ग में ‘बेस्ट पावरलिफ्टर ऑफ भोपाल’ का खिताब अपने नाम किया। उनकी पत्नी रेणु ने 285 किलोग्राम वजन उठाकर महिला वर्ग में अव्वल स्थान हासिल किया, वहीं 14 वर्षीय बेटी तनिषा ने 280 किलोग्राम वजन उठाकर न केवल अपना वर्ग जीता बल्कि ‘बेस्ट पावरलिफ्टर’ का सम्मान भी हासिल किया।
14 वर्ष की उम्र में बनाया कीर्तिमान
तनिषा को प्रदेश की सबसे कम उम्र की वेटलिफ्टर माना जाता है। कम उम्र में जिस आत्मविश्वास और तकनीक के साथ उन्होंने वजन उठाया, उसने दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी तरह निरंतर प्रशिक्षण मिलता रहा तो तनिषा आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय स्तर पर भी भोपाल का नाम रोशन कर सकती हैं।
परिवार बना मिसाल
प्रतियोगिता में एक ही परिवार के तीन सदस्यों का अलग-अलग वर्गों में ‘बेस्ट पावरलिफ्टर’ चुना जाना अपने आप में दुर्लभ उपलब्धि है। आयोजन स्थल पर मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों ने इस परिवार की मेहनत और अनुशासन की सराहना की।
जितेंद्र आसनानी का कहना है कि नियमित अभ्यास, संतुलित आहार और पारिवारिक सहयोग ही उनकी सफलता का आधार है। परिवार की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि खेल के प्रति समर्पण हो तो उम्र और जिम्मेदारियां बाधा नहीं बनतीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *