आजमगढ़ जिले के डीएम रविंद्र कुमार ने विकास भवन का आकस्मिक निरीक्षण किया। डीएम के निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियन्ता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और उनके 3 जेई कार्यालय से अनुपस्थित पाये गये। एआर कोआपरेटिव भी अपने कार्यालय में अनुपस्थित पाये गये। स्टाफ द्वारा बताया गया कि एआर कोआपरेटिव के पास जनपद मऊ का भी चार्ज है। जिस पर डीएम ने निर्देश दिया कि कार्यालय के बाहर डिस्प्ले लगाया जाए कि किस दिन आजमगढ़ और किस दिन जनपद मऊ में रहेंगे। निरीक्षण में जिला युवा कल्याण अधिकारी भी अपने कार्यालय में अनुपस्थित पाये गये। कौशल विकास मिशन कार्यालय में आशा भारती बीपीएम अनपुस्थित पायी गयी। इसके साथ ही 7 फरवरी को भी उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर नही पाया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सुरूचि चौबे मेडिकल अवकाश पर हैं। लेकिन उसका अंकन उपस्थिति पंजिका में नही किया गया। जिस पर डीएम ने निर्देश दिया कि मेडिकल अवकाश को उपस्थिति पंजिका में दर्ज किया जाए। अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओं नोटिस जिले के डीएम रविंद्र कुमार ने मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना को निर्देशित किया कि बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित कर्मियों का स्पष्टीकरण लेकर एक सप्ताह के अंदर सूचित करें। डीएम ने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय से कार्यालय में आयें और प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जन सुनवाई करें। उसके बाद ही कहीं फील्ड विजिट करें। उन्होने निर्देश दिया कि कार्यालय में अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढ़ंग से रखना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होने सीढ़ियों की एवं परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। इस निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे


