सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र के अंजनिया चंडी गांव में एक किसान के घर से दीवार तोड़कर तीन बकरे चोरी हो गए। यह घटना देर रात हुई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। पीड़ित किसान ने सोमवार दोपहर लगभग 2 बजे मामले की शिकायत पुलिस से की है, जिस पर जांच प्रारंभ कर दी गई है। अंजनिया चंडी निवासी किसान हफीज खान ने अपने घर के पीछे बने बाड़े में तीन बकरे पाल रखे थे। देर रात अज्ञात चोरों ने मकान की पिछली दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और तीनों बकरे चुरा ले गए। सुबह जब परिवार के सदस्य पशुओं को चारा देने पहुंचे तो दीवार टूटी हुई मिली और बकरे गायब थे। डेढ़ लाख रुपए बताई बकरों की कीमत किसान हफीज खान के अनुसार, चोरी गए बकरों की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि ये बकरे अच्छी नस्ल के थे और बिक्री के लिए तैयार किए जा रहे थे। इस घटना से उन्हें आर्थिक रूप से भारी नुकसान हुआ है। किसान ने आशंका जताई है कि चोरी की वारदात सुनियोजित तरीके से की गई है। घटना की सूचना मिलते ही हफीज खान ने छपारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। संदिग्धों से पूछताछ जारी छपारा थाना प्रभारी खेमेंद्र जेतवार ने बताया कि बकरे चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।


