पंजाब राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया 16 को करेंगे शुभारंभ, इको टूरिज्म का नया हब बनेगा सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क
उदयपुर. लंबे इंतजार के बाद पर्यटन नगरी उदयपुर को वन्यजीव और इको टूरिज्म के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। 16 फरवरी को सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में रेस्क्यू सेंटर, रेप्टाइल हाउस और लॉयन सफारी की शुरुआत होगी। पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया सोमवार शाम 4 बजे उद्घाटन करेंगे।
सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क लगभग 36 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित है, इसमें 20 हेक्टेयर में लॉयन सफारी होगी। जयपुर के बाद उदयपुर प्रदेश का दूसरा शहर होगा, जहां पर्यटक जंगल सफारी में शेरों को निहार सकेंगे। अगस्त 2024 में गुजरात से सम्राट और सुनयना नाम का जोड़ा उदयपुर लाया गया था। तभी से लॉयन सफारी की तैयारियां शुरू हो गई थी। सफारी के लिए नई जिप्सियां भी तैयार है।
रेस्क्यू सेंटर में घायल वन्यजीवों को मिलेगा जीवनदान
बायोलॉजिकल पार्क में निर्मित रेस्क्यू सेंटर के शुभारंभ की महीनों से इंतजार है। मेवाड़ अंचल के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। यहां 472 वर्गमीटर क्षेत्र में बने इस सेंटर में घायल, बीमार और शहरी इलाकों में भटक कर आए वन्यजीवों का उपचार, देखभाल और पुनर्वास किया जाएगा। सड़क दुर्घटना या अन्य हादसों में घायल वन्य जीवों का उपचार स्थानीय स्तर पर हो सकेगा।
सरीसृपों की 10 प्रजातियों का प्रदर्शन
रेप्टाइल हाउस को पर्यटकों के लिए खास आकर्षण के रूप में विकसित किया गया है। यहां सांप, छिपकली, कछुआ सहित सरीसृपों की करीब 10 प्रजातियों को वैज्ञानिक और सुरक्षित तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा।
लॉयन सफारी, रेप्टाइल हाउस और रेस्क्यू सेंटर का शुभारंभ सोमवार को होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। लॉयन सफारी और रेप्टाइल हाउस से पर्यटकों को नया अनुभव मिलेगा। इससे भविष्य में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
यादवेन्द्रसिंह चुंडावत, उप वन संरक्षक, वाइल्ड लाइफ


