राष्ट्रीय युवा दिवस पर मंडला में तीन आयोजन:विवेकानंद फिटनेस सेंटर, मंडला गॉट टैलेंट और खेलो एमपी यूथ गेम्स हुए शुरू

राष्ट्रीय युवा दिवस पर मंडला में तीन आयोजन:विवेकानंद फिटनेस सेंटर, मंडला गॉट टैलेंट और खेलो एमपी यूथ गेम्स हुए शुरू

राष्ट्रीय युवा दिवस और स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर मंडला के पं. दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने विवेकानंद फिटनेस सेंटर का उद्घाटन किया। इसी दौरान ‘मंडला गॉट टैलेंट’ और ‘खेलो एमपी यूथ गेम्स’ का भी शुभारंभ किया गया। मंत्री संपतिया उइके ने बताया कि मध्य प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में स्टेडियम बनाने की घोषणा की गई है। मंडला विधानसभा में भी खिलाड़ियों के लिए 7 एकड़ भूमि पर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं, और सही अवसर मिलने पर युवा शक्ति किसी से कम नहीं है। मंत्री उइके ने युवाओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा दिखाने का आह्वान किया। उन्होंने फिटनेस, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को सफलता की कुंजी बताया, जिससे सशक्त युवा भारत का निर्माण हो सके। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने उपस्थित लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की शपथ भी दिलाई। मंत्री ने स्वामी विवेकानंद फिटनेस सेंटर का अवलोकन किया और ट्रेडमिल पर दौड़कर इसका परीक्षण किया। जिला खेल अधिकारी विकास खराड़कर ने जानकारी दी कि इस फिटनेस सेंटर में यूएसए के लाइफ फिटनेस ब्रांड की अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं, जो सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं।
‘खेलो एमपी यूथ गेम्स’ के तहत विकासखंड स्तर पर चयन स्पर्धाएं 12 जनवरी से शुरू हो रही हैं। जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 16 से 20 जनवरी तक आयोजित की जाएंगी, जिनमें 27 खेलों को शामिल किया गया है। मंडला जिले के सभी 9 विकासखंडों से लगभग 2800 खिलाड़ी इन प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। नटराज डांस ग्रुप ने नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि आयुष उपाध्याय ने गायन किया। कार्यक्रम का संचालन सीडीपीओ अनूप नामदेव ने किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *