दुर्लभ कैराकल की हत्या कर शव जलाया, तीन आरोपी गिरफ्तार

दुर्लभ कैराकल की हत्या कर शव जलाया, तीन आरोपी गिरफ्तार

सीमावर्ती जैसलमेर जिले में कैराकल यानी दुर्लभ जंगली बिल्ली को मार कर जलाने के मामले में 3 जनों को गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि राजस्थान पत्रिका ने 15 मार्च के अंक में ‘घोटारू क्षेत्र में दुर्लभ कैराकल का शव मिला, वन्यजीव सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल ’ शीर्षक से विस्तार से समाचार का प्रकाशन किया था। इस समाचार के बाद हरकत में आए वन विभाग के जिम्मेदारों ने मामले का पता लगाया, तब हकीकत सामने आई। अब वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए वन्यजीव अधिनियम के तहत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विभाग ने कैराकल के अधजले शव को भी बरामद किया है।

लुप्त प्राय: प्रजाति है कैराकल

कैराकल भारत में एक लुप्तप्राय प्रजाति मानी जाती है, जिसकी संख्या राजस्थान के कुछ ही इलाकों में बची है। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की ओर से डाले गए वीडियो में कैराकल लकडिय़ों के ढेर पर पड़ी दिख रही थी। पत्रिका में खबर प्रकाशित होने के बाद सामाजिक संगठनों ने कार्रवाई की मांग की थी और जिम्मेदार हरकत में आए।

कैराकल बिल्ली की मौत को गंंभीरता से लिया

मृत दुर्लभ वन्यजीव कैराकल बिल्ली के वीडियो वायरल होने की घटना को उप वन संरक्षक कुमार शुभम ने गंभीरता से लेते हुए सहायक वन संरक्षक मुख्यालय जैसलमेर दिलीपसिंह राठौड़ के निर्देशन में टीम का गठन किया। क्षेत्रीय वन अधिकारी सम लक्ष्मणसिंह भाटी और क्षेत्रीय वन अधिकारी जैसलमेर पूनमसिंह के नेतृत्व में जांच प्रारम्भ की गई। जांच में घटनास्थल व आरोपियों की पहचान की गई।

उक्त घटनास्थल घोटारू से 80 किमी दूरी पर अंतरराष्ट्रीय भारत-पाकिस्तान सीमा से 3 किमी के पास पहुंच कर एक अधजली अवस्था में मृत कैराकल का शव बरामद हुआ, जिसे वन विभाग ने अपने कब्जे में लेकर नियमानसार एफआईआर दर्ज की गई। मृत कैराकल के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। डब्ल्यूआइआइ टीम ने मौके से शव के कुछ सैम्पल प्राप्त कर अग्रिम जांच के लिए भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून में भी भेजे गए हैं।

वन विभाग की टीम ने सोमवार को तीन आरोपियों इब्राहिम खान पुत्र इनाम खान, निवासी लिलोई, शाहगढ़, उमा पुत्र हाजी खान, निवासी जनिया, शाहगढ़, और सलिदाद पुत्र पीरू निवासी पीरू खां की ढाणी बिछियाछोड़ शाहगढ़ को गिरफ्तार किया। आरोपियों से मामले में गहन पूछताछ की जा रही है व अग्रिम कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *