Singer B Praak Death Threat: पंजाबी और बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर बी प्राक को जान से मारने की धमकी मिलने की खबर सामने आई है। इस धमकी के बाद म्यूजिक इंडस्ट्री से लेकर सुरक्षा एजेंसियों तक में हड़कंप मच गया है। एएनआई से मिली जानकारी के मुताबिक, बी प्राक से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है, जिसके बाद मोहाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ब्री प्राक के करीबी को आया फोन (Singer B Praak Death Threat)
बी प्राक, जो अपने इमोशनल हिट गानों के लिए जाने जाते हैं, इस वक्त एक गंभीर सुरक्षा संकट का सामना कर रहे हैं। हालांकि धमकी सीधे उन्हें नहीं दी गई, बल्कि उनके करीबी और उनसे जुड़े एक पंजाबी सिंगर को निशाना बनाया गया। पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर मामले की कड़ियां अब जोड़ी जा रही हैं।
दिलनूर को आए संदिग्ध कॉल्स (Singer B Praak Death Threat)
शिकायत के अनुसार, यह मामला पंजाबी सिंगर दिलनूर से जुड़ा हुआ है, जो बी प्राक के साथ प्रोफेशनल तौर पर जुड़े हुए हैं। दिलनूर को 5 जनवरी को एक के बाद एक दो फोन कॉल आए, लेकिन उन्होंने दोनों कॉल रिसीव नहीं किए। इसके अगले दिन यानी 6 जनवरी को उन्हें एक विदेशी नंबर से कॉल आया। जब दिलनूर ने फोन उठाया तो बातचीत का अंदाज और भाषा उन्हें संदिग्ध लगी।
बताया जा रहा है कि कॉल के दौरान माहौल असहज लगने पर दिलनूर ने तुरंत फोन काट दिया। इसके कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर एक वॉयस मैसेज भेजा गया, जिसने इस पूरे मामले को और गंभीर बना दिया। वॉयस मैसेज में कथित तौर पर धमकी और पैसों की मांग की बात कही गई, जिसके बाद दिलनूर ने बिना देर किए पुलिस से संपर्क किया।
10 करोड़ की फिरौती की मांग
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, धमकी देने वाले शख्स या गिरोह ने बी प्राक से 10 करोड़ रुपये की मांग की है। इस रकम को लेकर किसी तरह की बातचीत या डील की कोशिश भी की गई थी। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि धमकी किस देश या किस नेटवर्क से दी गई है। विदेशी नंबर का इस्तेमाल किए जाने के कारण साइबर सेल और इंटरनेशनल लिंक की भी जांच की जा रही है।
मोहाली पुलिस ने शुरू की जांच (Mohali Police Starts Investigating)
मामला सामने आते ही मोहाली पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और कॉल डिटेल्स, वॉयस मैसेज और नंबर की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी देने वाला शख्स किसी बड़े गिरोह से जुड़ा है या यह महज डराने की कोशिश है।
सूत्रों के मुताबिक, बी प्राक की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। हालांकि इस मामले में अभी तक बी प्राक की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पहले भी सेलेब्स को मिल चुकी हैं धमकियां
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब किसी बड़े कलाकार को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले भी कई बॉलीवुड और पंजाबी इंडस्ट्री से जुड़े सितारों को फिरौती और जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। ज्यादातर मामलों में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
फिलहाल, बी प्राक से जुड़ा यह मामला जांच के दौर में है और पुलिस हर एंगल से इसकी तह तक जाने की कोशिश कर रही है। म्यूजिक इंडस्ट्री की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इस गंभीर मामले में कितनी जल्दी और क्या कार्रवाई करती है।


