देवरिया में एक अवैध मजार गिराए जाने के विरोध में एक युवक ने सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी को जान से मारने की धमकी दी है। युवक ने हैदराबाद से एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। इस मामले में भटनी पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव के सिंगहीडीह टोले का रहने वाला है और फिलहाल हैदराबाद में काम करता है। उसने गोरखपुर रोड पर स्थित एक अवैध मजार को ध्वस्त किए जाने पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। युवक ने कथित तौर पर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी के चित्र के साथ सिर कलम करने की धमकी वाला वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल ने तुरंत जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी युवक हैदराबाद से अपनी आईडी का उपयोग कर वीडियो को संचालित कर रहा था। इसके बाद लार थाना क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता कमलेश धनगर ने भटनी थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। भटनी थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस साइबर माध्यमों से भी आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है।


