नागौर. जिले के जिला एवं सेशन न्यायालय मेड़ता सहित नागौर व जायल के एडीजे कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी ने गुरुवार को पुलिस की परेड करवा दी। नागौर, मेड़ता व जायल के न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलने की सूचना के बाद पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे न्यायालय भवन में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार मेड़ता जिला एवं सेशन न्यायालय की ई-मेल आईडी पर तड़के एक धमकी भरा मेल आया। जिसमें मेड़ता कोर्ट सहित नागौर व जायल के न्यायालयों को बम से ब्लास्ट करने की धमकी देते हुए सुबह 11 बजे तक सभी जजों को सुरक्षित बाहर निकाल लेने की बात कही गई। जब सेशन न्यायालय कार्यालय के कर्मचारियों ने इस मेल को देखा तो उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया। जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने पुलिस अधीक्षक व जिला कलक्टर को पत्र प्रेषित कर मामले से अवगत करवाया।

कोतवाली थानाधिकारी वेदपाल शिवरान ने बताया कि उन्हें सीजेएम कोर्ट से सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशिक्षु आईपीएस अदिति उपाध्याय, डीएसपी धरम पूनिया, सदर थानाधिकारी सुरेश कुमार सहित क्यूआरटी टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने न्यायिक अधिकारियों की अनुमति लेकर व अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों से समन्वय कर कोर्ट परिसर खाली करवाया। वहां मौजूद सभी अधिवक्ताओं, वादकारियों व आमजन को बाहर निकाल दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सहयोग करने के लिए अधिवक्ता संघ ने कार्य स्थगित कर दिया। इसके बाद कोर्ट परिसर का चप्पा-चप्पा खंगाला गया। पुलिस ने कोर्ट भवन के अंदर मौजूद सभी कक्षों, रिकॉर्ड रूम, अधिवक्ता चैम्बर, पार्किंग व आसपास के क्षेत्रों की तलाशी ली, लेकिन कहीं कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इस दौरान कोर्ट परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और मुख्य प्रवेश द्वारों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई। इसके बाद मेड़ता से पहुंची डॉग स्क्वायड टीम ने भी कोर्ट परिसर की तलाशी ली, लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।
इसी प्रकार जायल के न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही सीआई मुकेश कुमार वर्मा मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। इस दौरान न्यायाधिकारी सहित समस्त स्टाफ परिसर से बाहर निकल गया। पुलिस टीम ने अतिरिक्त जिला एवं सेशन न्यायालय, सिविल न्यायालय एवं ग्राम न्यायालय परिसर में जगह जगह छानबीन की गई, लेकिन कोई संदिग्ध सामग्री नजर नहीं आई।
कलक्ट्रेट को उड़ाने की धमकी किसने दी, आज तक पता नहीं चला
गौरतलब है कि गत वर्ष कलक्ट्रेट को उड़ाने की धमकी भी ई-मेल के माध्यम से दी गई थी। हालांकि तलाश के दौरान कुछ नहीं मिला, लेकिन पुलिस आज तक मेल भेजने वाले का पता नहीं लगा सकी।

हमारा पूरा सहयोग, लेकिन मेल भेजने वाले का पता लगाएं
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष पवन श्रीमाली ने कहा कि बम से उड़ाने की धमकी की जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस का सहयोग करते हुए कार्य स्थगन कर दिया और सभी अधिवक्ताओं के साथ वादकारियों व आमजन को घर भेज दिया। पुलिस को इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मेल भेजने वाले का पता लगाना चाहिए। संघ के महासचिव क्षेमेन्द्र कुमार बेड़ा ने कहा कि पूर्व में भी हाईकोर्ट जोधपुर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। पुलिस को इस प्रकार की धमकियां देने वाले लोगों का पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
जांच में कुछ नहीं मिला
कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की सूचना मिलने पर कोर्ट परिसर पहुंचे तथा न्यायिक अधिकारियों से अनुमति लेकर व अधिवक्ता संघ से समन्वय बनाकर कोर्ट परिसर खाली करवाया। तलाशी अभियान में सेंट्रल इंटेलिजेंस, स्टेट इंटेलिजेंस व लोकल इंटेलिजेंस की टीमों ने भी सहयोग किया। इस दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। एनआईसी व साइबर टीम ई-मेल का सोर्स पता लगाने का प्रयास कर रही है।
– वेदपाल शिवरान, थानाधिकारी, कोतवाली

मेड़ता के डीजे कोर्ट को 14 साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी
मेड़ता सिटी. एक अज्ञात ई-मेल ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पैर फूला दिए। मेड़ता के जिला एवं सेशन न्यायालय को बम से उड़ाने की मिली धमकी के बाद सभी की सांसें अटकी रही। अजमेर से आई बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीम ने कचहरी परिसर का चप्पा-चप्पा सघन तरीके से खंगाला। करीब 3 घंटे तक चली जांच के दौरान किसी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जिससे सभी ने राहत की सांस ली। दरअसल, मेड़ता जिला एवं सेशन न्यायालय की ई-मेल आईडी dc nag-rj@nic.in पर तड़के 4.37 बजे एक धमकी भरा मेल आया। जिसमें मेड़ता कोर्ट में दोपहर ठीक 2 बजे 14 साइनाइड बम से ब्लास्ट करने की धमकी देते हुए सुबह 11 बजे तक सभी जजों को सुरक्षित बाहर निकाल लेने की बात कहीं गई। जब सेशन न्यायालय कार्यालय के कर्मचारियों ने इस मेल को देखा तो उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया। जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने पुलिस अधीक्षक व जिला कलक्टर को पत्र प्रेषित कर मामले से अवगत करवाया। जिसके थोड़ी देर बाद मेड़ता पुलिस उप अधीक्षक रामकरण सिंह मलिंडा सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कचहरी परिसर में बम ब्लास्ट की सूचना से हड़कंप मच गया। एहतियात बरतते हुए जांच के दौरान पुलिस ने न्यायालय परिसर को खाली करवाया। पहले पुलिस ने जिला एवं सेशन न्यायालय और आसपास में तलाशी ली। लेकिन पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद अजमेर से बीडीडीएस और डॉग स्क्वायड टीम मेड़ता पहुंची। उल्लेखनीय है कि इस दौरान परिसर के चारों तरफ पुलिस का कड़ा पहरा लगा दिया गया। दमकल विभाग की गाड़ियां और एम्बुलेंस भी एहतियातन मौके पर मौजूद रही।


