पासपोर्ट ऑफिस को तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी:लिखा-दो बजे ब्लास्ट हो जाएगा;पुलिस ने सभी कर्मचारियों और लोगों को बाहर निकाला,सर्च जारी

पासपोर्ट ऑफिस को तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी:लिखा-दो बजे ब्लास्ट हो जाएगा;पुलिस ने सभी कर्मचारियों और लोगों को बाहर निकाला,सर्च जारी

अलवर में पासपोर्ट ऑफिस को इस महीने में तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर पूरे ऑफिस को तुरंत खाली करवा दिया। इसके बाद पुलिस ने परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया और मुख्य गेट को बंद कर किसी भी व्यक्ति की एंट्री पर रोक लगा दी। बताया जा रहा है कि इस हफ्ते में यह दूसरी बार है जब इस तरह की धमकी मिली है। ईमेल के जरिए भेजी गई इस धमकी में राजस्थान के कई पासपोर्ट कार्यालयों को निशाना बनाने की बात कही गई है। मेल में लिखा गया कि दोपहर दो बजे से पहले ऑफिस खाली कर दिया जाए, क्योंकि उसके बाद बम विस्फोट किया जाएगा। साथ ही धमकी देने वाले ने कर्नाटक की राजनीति से जुड़े किसी मुद्दे का भी जिक्र किया है। कोतवाली थाने के सब-इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल पूरे परिसर की बारीकी से जांच की जा रही है, हालांकि अभी तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर फिलहाल ऑफिस का कामकाज रोक दिया गया है। इस दौरान पासपोर्ट ऑफिस के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जो अपने काम के लिए पहुंचे थे। पुलिस ने सभी लोगों को गेट के बाहर ही रोक दिया और स्थिति सामान्य होने तक इंतजार करने के लिए कहा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *