ICC T20 World Cup Super 8 (Zimbabwe vs West Indies): 2007 में खेले गए पहले टी20 वर्ल्डकप में श्रीलंका ने केन्या के खिलाफ 260/6 बनाकर रनो का जो किला खड़ा किया था, वह आज भी सुरक्षित है। वानखेड़े में सोमवार की रात वेस्टइंडीज उसे ध्वस्त करने के बेहद करीब पहुंची, लेकिन महज 7 रन से चूक गई। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो उन्हें अंदाजा न था कि एक बुरे सपने में तब्दील हो जाएगा।
गेंदबाजों को जमकर पड़ी मार
दो-बार की चैंपियन वेस्टइंडीज की टीम जब वानखेड़े के मैदान पर उतरी तो लगा जैसे कैरेबियाई समंदर की लहरें खुद मुंबई तक चली आई हों। पावरप्ले में ब्रैंडन किंग और शाई होप दोनों सस्ते में लौट गए और वेस्टइंडीज का स्कोर 6 ओवरों के बाद 55/2 था। लेकिन क्रीज पर शिमरोन हेटमायर ने जैसे ही कदम रखा, मानो पूरा माहौल ही बदल गया। उन्होंने महज 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो टी20 वर्ल्डकप इतिहास में वेस्टइंडीज की ओर से किसी बल्लेबाज की सबसे तेज फिफ्टी है।
रोवमन पॉवेल ने दूसरे छोर से साथ निभाया और दोनों ने मिलकर जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को बेरहमी से धोया। हेटमायर ने 34 गेंदों में 85 रन की पारी खेली, जबकि पॉवेल 35 गेंदों में 59 रन बनाकर लौटे। इसके बाद शेरफेन रदरफोर्ड 20 (9) और रोमारियो शेफर्ड 21 (10) ने डेथ ओवरों में तांडव मचाया। जब 20वां ओवर खत्म हुआ, वेस्टइंडीज का स्कोर था 254/6 रहा।
टी20 विश्व कप इतिहास के टॉप-10 स्कोर
टी20 वर्ल्डकप के इतिहास में अब तक के दस सबसे बड़े टीम स्कोर इस प्रकार हैं:
260/6 – श्रीलंका बनाम केन्या (2007, जोहान्सबर्ग): यह टूर्नामेंट का अब तक का सर्वाधिक स्कोर है। सनथ जयसूर्या 88(44) और महेला जयवर्धने 65(27) ने श्रीलंका को 260/6 तक पहुंचाया। जवाब में केन्या महज 88 रन पर सिमट गई और श्रीलंका 172 रन से जीता।
254/6 – वेस्टइंडीज बनाम जिम्बाब्वे (2026, मुंबई): हेटमायर और पॉवेल की आंधी में जिम्बाब्वे उड़ गई। श्रीलंका के रिकॉर्ड से सिर्फ 7 रन दूर रही वेस्टइंडीज।
235/5 – आयरलैंड बनाम ओमान (2026, कोलंबो): टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में आयरलैंड ने ओमान के खिलाफ यह विशाल स्कोर बनाया था, जो अब तीसरे स्थान पर खिसक गया है।
230/8 – इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका (2016, वानखेड़े): जो रूट की 83 रन की पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 229 का पीछा करते हुए 230 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्डकप इतिहास का सबसे बड़ा सफल चेज भी है।
229/4 – दक्षिण अफ्रीका बनाम इंग्लैंड (2016, वानखेड़े): इसी मैच में दक्षिण अफ्रीका ने 229/4 बनाए, लेकिन इंग्लैंड ने आखिरकार लक्ष्य हासिल कर लिया।
218/5 – वेस्टइंडीज बनाम अफगानिस्तान (2024, ग्रोस आइलेट): निकोलस पूरन की 98 रन की विस्फोटक पारी ने वेस्टइंडीज को इस बड़े टोटल तक पहुंचाया।
218/4 – भारत बनाम इंग्लैंड (2007, डरबन): युवराज सिंह के एक ओवर में छह छक्कों की पारी के दम पर भारत ने 218/4 का स्कोर बनाया।
211/5 – दक्षिण अफ्रीका बनाम स्कॉटलैंड (2009, द ओवल): एबी डिविलियर्स के 79* रनों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने 211 बनाए और स्कॉटलैंड को 81 पर समेट दिया।
210/2 – भारत बनाम अफगानिस्तान (2021, अबू धाबी): रोहित शर्मा और केएल राहुल की ओपनिंग साझेदारी ने भारत को मजबूत लक्ष्य तक पहुंचाया।
209/5 – दक्षिण अफ्रीका बनाम अफगानिस्तान (2016, वानखेड़े): 2016 विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका ने अफगानिस्तान के खिलाफ विशाल स्कोर बनाकर 66 रन से जीत दर्ज की।


