Brian Bennett, T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अगर इस वक्त कोई बल्लेबाज दुनिया भर के गेंदबाजों के लिए सबसे बड़ी पहेली बना हुआ है, तो वो कोई बड़ा सुपरस्टार बल्लेबाज नहीं, जिम्बाब्वे के युवा ब्रायन बेनेट हैं। बेनेट ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से एक बार फिर साबित कर दिया है कि उन्हें हल्के में लेना किसी भी टीम के लिए भारी पड़ सकता है।
इंडिया के खिलाफ ‘दहाड़ा’ जिम्बाब्वे का शेर
वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले मैच में महज 5 रन पर आउट होने के बाद कई लोगों को लगा था कि बेनेट की लय टूट गई है, लेकिन भारतीय टीम के खिलाफ उन्होंने जो वापसी की, उसने सबको हैरान कर दिया। भारत के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने बेनेट ने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए। उन्होंने महज 59 गेंदों में 97 रनों की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 गगनचुंबी छक्के और 8 शानदार चौके जड़े। हालांकि, वे अपने पहले वर्ल्ड कप शतक से महज 3 रन दूर रह गए, लेकिन उनकी इस पारी ने भारतीय टीम मैनेजमेंट को भी पसीने छुड़ा दिए।
बेनेट के 5 मैचों में 277 रन
22 वर्षीय ब्रायन बेनेट इस टूर्नामेंट में अब तक जिम्बाब्वे के लिए सबसे बड़े मैच विनर साबित हुए हैं। उनके आंकड़े किसी भी दिग्गज बल्लेबाज से काम नहीं। शुरुआती 3 मैचों में उन्होंने पूरी तरह ‘नॉट आउट’ रहकर गेंदबाजों को छकाया। वेस्टइंडीज के खिलाफ वो पहली बार अकील हुसैन की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौटे (सिर्फ 5 रन) थे। भारत के खिलाफ 97 रनों की यादगार पारी खेलकर फिर से अपनी धाक जमाई। इस वर्ल्ड कप के 5 मैचों में वे अब तक 277 रन बना चुके हैं।
जब पहली बार आउट हुए थे ब्रायन
टूर्नामेंट की शुरुआत से ही अजेय रहे बेनेट का विजय रथ वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में थमा था। स्पिनर अकील हुसैन ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया था, जो टूर्नामेंट में पहली बार था जब कोई गेंदबाज बेनेट का विकेट लेने में कामयाब रहा। लेकिन भारत के खिलाफ उन्होंने जिस तरह से वापसी की, उसे देख सभी दंग रह गए।
T20 वर्ल्ड कप 2026 में ब्रायन बेनेट
| किस टीम के खिलाफ | स्कोर | स्टेटस |
| ऑस्ट्रेलिया | 64* रन | नाबाद |
| श्रीलंका | 63* रन | नाबाद |
| आयरलैंड | 48* रन | नाबाद |
| वेस्टइंडीज | 5 रन | आउट (अकील हुसैन) |
| भारत | 97* रन | नाबाद |
| कुल रन | 277 रन | 5 मैच |


