चिकित्सा मंत्री के प्रभार वाले जिले में अस्पताल के बाहर पैदा हुआ बच्चा, वीडियो वायरल के बाद ये क्या हुआ…?

चिकित्सा मंत्री के प्रभार वाले जिले में अस्पताल के बाहर पैदा हुआ बच्चा, वीडियो वायरल के बाद ये क्या हुआ…?

Rajasthan Health News: राजस्थान के बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। भादला गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में कथित रूप से डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के अनुपस्थित रहने के कारण एक गर्भवती महिला को अस्पताल परिसर के बाहर ही बच्चे को जन्म देना पड़ा। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।

समय पर नहीं मिली सुविधा

जानकारी के अनुसार शोभाना गांव की निवासी महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे भादला गांव के PHC लेकर पहुंचे। आरोप है कि उस समय अस्पताल में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ मौजूद नहीं था। पर्याप्त चिकित्सा सहायता नहीं मिलने पर महिला ने अस्पताल परिसर के बाहर खुले में ही बच्चे को जन्म दिया। हालांकि राहत की बात यह है कि मां और नवजात दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।

ग्रामीणों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग

घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि अस्पताल में लंबे समय से स्टाफ की कमी और अव्यवस्थाओं की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जिम्मेदार चिकित्सा कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वीडियो वायरल, PHC के बाहर धरना

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया। ग्रामीणों ने PHC के बाहर धरना शुरू कर दिया और प्रशासन से जवाब मांगा। उनका कहना है कि यदि समय पर डॉक्टर मौजूद होते तो महिला को ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि बीकानेर जिला प्रदेश के चिकित्सा मंत्री के प्रभार वाला जिला माना जाता है। ऐसे में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *