भारत से हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल! दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने मोहसिन नकवी के पॉलिटिकल एजेंडे को बताया टीम की बर्बादी का कारण। क्या पाकिस्तान के काले दौर के पीछे क्रिकेट नहीं, राजनीति है? जानिए पूरा मामला…
T20 World Cup 2026, IND vs PAK: T20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत के हाथों मिली 61 रनों की करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में जैसे भूचाल आ गया है। इस हार के बाद पाकिस्तान के सुपर-8 में पहुंचने पर खतरा मंडरा रहा है और अब नामीबिया के खिलाफ उनका अगला मैच ‘करो या मरो’ जैसा हो गया है। कोलंबो में हुए इस मैच ने भारत और पाकिस्तान के बीच के बड़े अंतर को साफ दिखा दिया है। इस शर्मनाक हार पर पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने अपना गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक बोर्ड से पॉलिटिकल दखलंदाजी खत्म नहीं होगी, टीम का सुधार मुमकिन नहीं है।
मोहम्मद यूसुफ के तीखे बोल
यूसुफ ने सोशल मीडिया (X) पर एक पोस्ट में लिखा, ‘जब तक हम पाकिस्तान क्रिकेट से पॉलिटिकल प्रभाव और निजी एजेंडों को बाहर नहीं करेंगे, तब तक हम वैसी टीम नहीं बन पाएंगे जैसी पहले थे। यह हमारे क्रिकेट इतिहास का सबसे काला दौर है और मेरा दिल इसके लिए रोता है। जो लोग काबिल नहीं हैं, उन्हें तुरंत उनके पद और टीम से बाहर निकाला जाना चाहिए।’ उनका यह इशारा सीधे तौर पर मोहसिन नकवी की तरफ था, जो PCB (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) के अध्यक्ष होने के साथ-साथ देश के गृह मंत्री भी हैं।
क्यों उठ रहे हैं नकवी पर सवाल?
जब से मोहसिन नकवी ने PCB की कमान संभाली है, उनके फैसलों पर सवाल उठते रहे हैं। लोगों का मानना है कि वे क्रिकेट से ज्यादा राजनीति को तवज्जो दे रहे हैं। एशिया कप 2025 के दौरान जब भारत ने उनके हाथों ट्रॉफी लेने से मना किया, तो नकवी ने पोडियम से ट्रॉफी ही हटवा दी थी। पाकिस्तान सरकार ने तो उन्हें इसके लिए शाबाशी दी, लेकिन क्रिकेट की दुनिया में इसकी काफी आलोचना हुई।
भारत से मैच बॉयकॉट का नाटक
वर्ल्ड कप से ठीक पहले, नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ मिलकर भारत के खिलाफ मैच बॉयकॉट करने की योजना बनाई थी। यह सब बांग्लादेश के समर्थन में किया जा रहा था, जिसे ICC ने वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया था। बाद में ICC अधिकारियों के दखल के बाद पाकिस्तान ने खेलने का फैसला तो किया, लेकिन जानकारों का मानना है कि इस ड्रामे की वजह से पाकिस्तानी टीम का ध्यान भटक गया, जिसका नतीजा भारत के खिलाफ मिली हार के रूप में सामने आया।
Sports – Patrika | CMS


