केंद्र से बड़ी सौगात, राजस्थान का यह हाईवे होगा 6 लेन; केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी बोले- क्षेत्र को मिलेगा बड़ा फायदा

केंद्र से बड़ी सौगात, राजस्थान का यह हाईवे होगा 6 लेन; केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी बोले- क्षेत्र को मिलेगा बड़ा फायदा

Jaipur-Kishangarh 6-Lane Road: अजमेर। जयपुर से किशनगढ़ के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के 89.785 किलोमीटर लंबे खंड को 6 लेन में विकसित किया जाएगा। करीब 910.90 करोड़ रुपए की लागत से होने वाली इस परियोजना को स्वीकृति मिल गई है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी के प्रयासों के बाद इस महत्वपूर्ण सड़क उन्नयन को मंजूरी मिलने से क्षेत्र में खुशी की लहर है। इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ी सौगात माना जा रहा है।

केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी ने बताया कि परियोजना के तहत जयपुर से किशनगढ़ तक के इस हिस्से को 6 लेन में चौड़ा किया जाएगा। सड़क के दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण होगा तथा आवश्यक स्थानों पर फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। परियोजना को आंशिक रूप से एक्सेस कंट्रोल्ड कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित हो सकेगी।

यात्रा समय में आएगी कमी

परियोजना पूरी होने के बाद जयपुर से किशनगढ़ के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। वर्तमान में इस दूरी को तय करने में करीब दो घंटे का समय लगता है, लेकिन सड़क के 6 लेन होने के बाद यह दूरी लगभग एक घंटा कम समय में तय की जा सकेगी। साथ ही स्थानीय यातायात को मुख्य मार्ग से अलग करने के लिए सर्विस रोड और फ्लाईओवर बनाए जाने से टकराव बिंदु कम होंगे और दुर्घटनाओं में भी कमी आने की संभावना है।

गडकरी से मुलाकात कर रखी थी मांग

चौधरी ने बताया कि किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र, जो अजमेर संसदीय क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लंबे समय से इस सड़क के उन्नयन की मांग कर रहा था। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर पत्र के माध्यम से इस परियोजना की आवश्यकता से अवगत कराया था और शीघ्र स्वीकृति का आग्रह किया था।

अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल

उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद अजमेर संसदीय क्षेत्र, विशेष रूप से किशनगढ़ क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों, किसानों और यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क संपर्क से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र में व्यापार व आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। जयपुर-किशनगढ़ 6 लेन परियोजना को राजस्थान में बेहतर कनेक्टिविटी और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *