Meningitis Outbreak UK: यूके में इन दिनों मेंनिन्जाइटिस के मामलों में अचानक बढ़ोतरी ने हेल्थ एक्सपर्ट्स की चिंता बढ़ा दी है। खासतौर पर यूनिवर्सिटी कैंपस में यह बीमारी तेजी से फैल रही है, जहां स्टूडेंट्स एक साथ रहते, खाते-पीते और सोशल एक्टिविटीज में शामिल होते हैं।
अचानक बढ़े केस, दो लोगों की मौत
रिपोर्ट के मुताबिक, एक 21 साल के यूनिवर्सिटी स्टूडेंट और एक स्कूल स्टूडेंट की मौत हो चुकी है। UK Health Security Agency की CEO Susan Hopkins ने इसे “explosive outbreak” बताया है, यानी ये बीमारी बहुत तेजी से फैल रही है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि किसी “super spreader event” जैसे पार्टी या सोशल गैदरिंग से यह संक्रमण तेजी से फैला।
क्या है मेंनिन्जाइटिस?
मेंनिन्जाइटिस एक गंभीर बीमारी है, जिसमें दिमाग और रीढ़ की हड्डी को कवर करने वाली झिल्ली में सूजन आ जाती है।
यह बैक्टीरिया, वायरस या कभी-कभी फंगस से हो सकती है। इनमें से बैक्टीरियल मेंनिन्जाइटिस सबसे खतरनाक होता है और अगर समय पर इलाज न मिले, तो कुछ ही घंटों में जान भी जा सकती है।
कैसे फैलती है ये बीमारी
यह बीमारी बहुत आसानी से एक व्यक्ति से दूसरे में फैलती है खांसने या छींकने से किस करने से या एक ही बर्तन या पानी की बोतल इस्तेमाल करने से होता है। इसी वजह से स्कूल, कॉलेज और हॉस्टल जैसे जगहों पर इसका खतरा ज्यादा होता है।
इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें
शुरुआत में इसके लक्षण फ्लू जैसे लग सकते हैं, इसलिए लोग अक्सर इसे हल्के में ले लेते हैं। लेकिन ये जल्दी गंभीर हो सकती है।
- तेज बुखार
- सिरदर्द
- गर्दन में अकड़न
- रोशनी से परेशानी
- उल्टी या जी मिचलाना
- कन्फ्यूजन या ध्यान लगाने में दिक्कत
- हाथ-पैर ठंडे होना
- कुछ मामलों में स्किन पर दाने
अगर इनमें से कोई भी लक्षण दिखे, तो तुरंत डॉक्टर के पास जाना बहुत जरूरी है।
बचाव का सबसे असरदार तरीका वैक्सीन
इस बीमारी से बचने का सबसे अच्छा तरीका वैक्सीनेशन है। खासकर MenACWY वैक्सीन युवाओं के लिए बहुत जरूरी मानी जाती है। डॉक्टर स्टूडेंट्स को सलाह दे रहे हैं कि वे अपनी वैक्सीन स्टेटस जरूर चेक करें और जरूरत हो तो तुरंत वैक्सीन लगवाएं। एक यूनिवर्सिटी से शुरू हुआ यह संक्रमण अब दूसरे इलाकों में भी फैल सकता है। हेल्थ अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं और लोगों को जागरूक कर रहे हैं।


