Guillain Barre Syndrome Symptoms: अमेरिका के Athens, Georgia में रहने वाली 33 साल की Ali Sudderth की कहानी इस बात का उदाहरण है कि गंभीर बीमारी से भी हिम्मत और इलाज के सहारे वापसी संभव है। अली को एक दुर्लभ बीमारी Guillain-Barre Syndrome (GBS) हो गई थी, जिसके कारण उनका पूरा शरीर कुछ समय के लिए लकवाग्रस्त हो गया था।
कैसे शुरू हुई बीमारी
अली बताती हैं कि एक दिन सुबह उठते ही उनके पैरों की उंगलियों में झुनझुनी महसूस हुई। शुरुआत में यह छोटी समस्या लगी, लेकिन धीरे-धीरे यह पूरे शरीर में फैलने लगी। जब वह अपनी तीन साल की बेटी को सीढ़ियों से नीचे ले जा रही थीं, तब उन्हें संतुलन बनाने में मुश्किल हुई। उन्हें लगा कि कुछ ठीक नहीं है, इसलिए उन्होंने तुरंत अपने पति से अस्पताल जाने को कहा। उसी रात डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उन्हें Guillain-Barre Syndrome है। अली शनिवार को अस्पताल गई थीं और सोमवार तक उनकी हालत इतनी बिगड़ गई कि उनका शरीर लगभग पूरी तरह से लकवाग्रस्त हो गया। डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया, जिससे उनकी रिकवरी की प्रक्रिया शुरू हो सकी।
तीन महीने तक अस्पताल में रही
बीमारी के कारण अली इतनी कमजोर हो गई थीं कि वह अपना फोन तक ठीक से नहीं उठा पाती थीं। अपनी छोटी बेटी को गोद में लेना या उसका डायपर बदलना भी उनके लिए संभव नहीं था। उन्होंने बताया कि कई रातें ऐसी थीं जब वह रोते-रोते सो जाती थीं। एक मां के लिए यह बहुत दर्दनाक होता है कि वह अपने बच्चे की देखभाल खुद न कर पाए और दूसरों पर निर्भर रहना पड़े। करीब तीन महीने अस्पताल में रहने के बाद उन्हें दोबारा चलना सीखना पड़ा। धीरे-धीरे फिजियोथेरेपी और इलाज की मदद से उनकी हालत में सुधार हुआ।
अब फिर से सामान्य जीवन की ओर
अक्टूबर 2024 में अली अस्पताल से घर लौटीं। हाल ही में उन्होंने एक मैराथन दौड़कर सभी को हैरान कर दिया। उनका कहना है कि इस बीमारी ने उन्हें मानसिक रूप से बहुत मजबूत बना दिया है। वह अब और ज्यादा मैराथन दौड़ना चाहती हैं और लोगों को यह संदेश देना चाहती हैं कि मुश्किल हालात में भी उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए।
क्या है Guillain-Barré Syndrome
Guillain-Barré Syndrome एक दुर्लभ ऑटोइम्यून बीमारी है। इसमें शरीर की इम्यून सिस्टम गलती से नसों (नर्व्स) पर हमला कर देती है। इससे हाथ-पैरों में कमजोरी, झुनझुनी और कभी-कभी लकवा तक हो सकता है।
इसके आम लक्षण
इस बीमारी के कुछ आम लक्षण हो सकते हैं:
- हाथ-पैरों में झुनझुनी या सुन्नपन
- पैरों में कमजोरी जो धीरे-धीरे ऊपर की ओर फैलती है
- चलने में दिक्कत या संतुलन बिगड़ना
- चेहरे की मांसपेशियों को हिलाने में परेशानी
- डबल विजन
- तेज दर्द
- सांस लेने में कठिनाई
बीमारी क्यों होती है
डॉक्टरों के मुताबिक GBS का सटीक कारण हमेशा पता नहीं चलता, लेकिन अक्सर यह किसी संक्रमण के बाद होता है। जैसे फ्लू, कुछ वायरस या बैक्टीरिया के संक्रमण के बाद शरीर की इम्यून सिस्टम नर्व्स पर हमला कर सकती है। अच्छी बात यह है कि सही समय पर इलाज मिलने से ज्यादातर मरीज धीरे-धीरे ठीक हो जाते हैं। अली की कहानी भी यही बताती है कि गंभीर बीमारी के बाद भी मेहनत, इलाज और हिम्मत से जिंदगी को फिर से पटरी पर लाया जा सकता है।


