40 लाख की चोरी करने वाले चोर अब भी फरार:पीड़ितों ने की खुलासे की मांग, जांच में जुटी पुलिस

40 लाख की चोरी करने वाले चोर अब भी फरार:पीड़ितों ने की खुलासे की मांग, जांच में जुटी पुलिस

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ललूपुर में भोगांव रोड स्थित बंद मकान में हुई बड़ी चोरी की घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। चोरों ने बेखौफ होकर करीब 40 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और 90 हजार रुपए की नकदी पर हाथ साफ किया और फरार हो गए। इतनी बड़ी वारदात के बावजूद घटना का खुलासा न होने से पीड़ित परिवार के साथ-साथ ग्रामीणों में भी नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्राम ललूपुर निवासी अनुज राजपूत पुत्र स्वर्गीय हरीराम अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए हुए थे। 28 दिसंबर की रात चोरों ने उनके बंद मकान को निशाना बनाया। चोरों ने घर के मुख्य ताले तोड़कर नीचे और ऊपर रखी दो अलमारियों के ताले चटकाए और उनमें रखी नकदी व कीमती जेवरात चोरी कर लिए। घटना की जानकारी तब हुई जब परिवार वापस लौटा और घर के ताले टूटे देखे। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली, लेकिन तीन दिन गुजरने के बाद भी न तो चोरों का पता चल सका है और न ही चोरी गए सामान की बरामदगी हो पाई है। परिजनों का कहना है कि चोरी की रकम और आभूषण बेहद कीमती हैं, इसके बावजूद जांच की रफ्तार धीमी है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने और चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं, इस मामले में सीओ सिटी संतोष कुमार का कहना है कि पुलिस पूरी गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *