OTT Platforms Banned: केंद्र सरकार ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर परोसी जा रही गंदगी को साफ करने के लिए एक बार फिर बड़ा कदम उठाया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने पांच ऐसे ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म्स को देश में पूरी तरह ब्लॉक कर दिया है, जो वेब सीरीज और फिल्मों के नाम पर अश्लील, आपत्तिजनक जैसा कंटेंट दिखा रहे थे। सरकार की इस कार्रवाई से उन मेकर्स में हड़कंप मच गया है जो कानून और नैतिकता की धज्जियां उड़ाकर सिर्फ बोल्डनेस के सहारे अपना बिजनेस चला रहे थे।
इन 5 OTT प्लेटफॉर्म पर गिरी गाज (5 OTT Platforms Banned)
जिन प्लेटफॉर्म्स पर ताला लगाया गया है, उनमें MoodXVIP, Koyal Playpro, Digi Movieplex, Feel और Jugnu शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इन ऐप्स और वेबसाइट्स पर ऐसी सामग्री दिखाई जा रही थी जिसमें कोई कहानी या सामाजिक संदेश नहीं था। इनमें बिना किसी संदर्भ के लंबे-लंबे अश्लील सीन वाले वीडियो भरे हुए थे, जो सार्वजनिक शालीनता और भारतीय कानूनों का सीधा उल्लंघन थे।

चेतावनी के बाद भी नहीं सुधरे मेकर्स (Govt blocks five OTT platforms for streaming obscene content)
यह कार्रवाई अचानक नहीं हुई है। सरकार ने पिछले साल सितंबर 2024 में ही इन प्लेटफॉर्म्स को नोटिस भेजकर सुधार करने की चेतावनी भी दी थी। कुछ ने तो नोटिस का जवाब तक नहीं दिया, जबकि कुछ चालाकी दिखाते हुए नए डोमेन या नाम बदलकर वही पुराना कंटेंट चलाने लगे। फरवरी 2025 में भी सभी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को नैतिकता संहिता (Ethics Code) का पालन करने की याद दिलाई थी, लेकिन इन पांचों ने सुधार के बजाय नियमों की अनदेखी जारी रखी।
इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स को भी सरकार की चेतावनी
सरकार ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 69A के तहत इन पर रोक लगाई है। यह धारा सरकार को इंटरनेट पर ऐसी किसी भी सामग्री को ब्लॉक करने की ताकत देती है जो समाज की नैतिकता और शालीनता के लिए खतरा हो। सभी इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स (जैसे जियो, एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया) को सख्त आदेश दिया गया है कि ये प्लेटफॉर्म्स अब किसी भी यूजर के फोन या कंप्यूटर पर नहीं खुलने चाहिए।

एक्सपर्ट्स की सलाह पर लिया गया फैसला (I&B Ministry blocks MoodXVIP Koyal Playpro and three other OTT platforms)
इस बार की कार्रवाई से पहले सरकार ने गृह मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और कानून विशेषज्ञों के साथ लंबी चर्चा की। सभी विशेषज्ञों का मानना था कि बच्चों और महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर इस तरह के कंटेंट का बेहद बुरा असर पड़ रहा है। इससे पहले जुलाई 2025 में भी ALTBalaji और ULLU जैसे 25 बड़े प्लेटफॉर्म्स पर नकेल कसी गई थी। सरकार का साफ संदेश है अगर नियमों का पालन नहीं होगा, तो डिजिटल स्पेस में उनके लिए कोई जगह नहीं है।


