बैतूल में बोर्ड परीक्षा के दौरान लाउडस्पीकर पर रोक:परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में रहेगा सन्नाटा

बैतूल में बोर्ड परीक्षा के दौरान लाउडस्पीकर पर रोक:परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में रहेगा सन्नाटा

बैतूल जिले में कल (10 फरवरी) से शुरू हो रही हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं के मद्देनजर प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। विद्यार्थियों को शांत माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलेभर में ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। नर्सरी से माध्यमिक स्तर तक की वार्षिक परीक्षाएं भी फरवरी से अप्रैल तक चलेंगी, जिसके कारण यह निर्णय लिया गया है। जारी आदेश के अनुसार, परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का शोर या लाउडस्पीकर का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अतिरिक्त, रात 10 से सुबह 6 बजे तक पूरे जिले में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास का वातावरण शांत और नकलमुक्त होना चाहिए। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन ले जाना भी पूरी तरह वर्जित किया गया है। परीक्षा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, किसी भी स्कूल के 100 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के इकट्ठा होने पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन ने यह भी कहा है कि परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी कार्यक्रम या आयोजन की अनुमति तभी दी जाएगी, जब उससे परीक्षाओं में कोई बाधा न पहुंचे। जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे परीक्षार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शांति और अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *